पंचकूला के पिंजौर में बुटीक संचालिका की गला काटकर हत्या, डायरी में लिखा- ‘मुझे मारने वाला मेरा पति है, प्लीज हेल्प’...
हरियाणा के पंचकूला स्थित पिंजौर में एक बुटीक चलाने वाली महिला राजेंद्र कौर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में महिला दुकान के बाहर तड़पती पाई गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
- भारत
- 2 min read

गुरसिमरन की रिपोर्ट
पंचकूला के पिंजौर स्थित रौनक होटल के सामने वाली गली में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बुटीक के अंदर महिला की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रतपुर कॉलोनी की रहने वाली राजेंद्र कौर के रूप में हुई है, जो किराए के मकान में रहकर अपना बुटीक चलाती थी।
दिनदहाड़े बुटीक में वारदात, तड़पते हुए बाहर निकली महिला
घटना के समय महिला बेहद गंभीर स्थिति में दुकान के बाहर गली में पड़ी हुई मिली। उसके हाथ में एक डायरी थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर राजू नामक व्यक्ति ने एक बाइक सवार की मदद से तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। कालका अस्पताल में तैनात डॉ. राजीव भारद्वाज ने बताया कि महिला का गला पूरी तरह कटा हुआ था और उसकी हालत नाजुक थी। डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध, वीडियो वायरल
वारदात की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके दृश्य अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। फुटेज में एक व्यक्ति बुटीक के अंदर जाता दिखाई देता है और कुछ देर बाद बाहर निकलकर बाहर से शटर बंद कर देता है। इसके बाद गंभीर रूप से घायल राजेंद्र कौर खुद हिम्मत जुटाकर शटर खोलती हैं और बाहर निकलकर तड़पती नजर आती हैं।
Advertisement
मरने से पहले डायरी में लिखा- ‘मुझे मारने वाला मेरा पति है’
इस मामले में सबसे सनसनीखेज मोड़ महिला के पास से मिली डायरी से सामने आया है। राजेंद्र कौर ने मरने से ठीक पहले डायरी में कथित तौर पर लिखा 'मुझे मारने वाला मेरा पति है, प्लीज हेल्प… व सास और मेरी दो ननदें प्रीति व नीतू हैं और मेरा देवर है।'बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति और ससुराल वालों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, डायरी में लिखे संदेश और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं और परिजनों व ससुराल पक्ष से पूछताछ के आधार पर हत्या की इस गुत्थी को जल्द सुलझा लिया जाएगा।