गाजियाबाद में 15वीं मंजिल से गिरकर 10वीं की छात्रा की मौत, पढ़ाई के बोझ का सुसाइड नोट में खुलासा
गाजियाबाद के विजयनगर स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम 10वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा शनाया बिष्ट की 15वीं मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- भारत
- 2 min read

गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां रहने वाली 10वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा शनाया बिष्ट ने अपनी सोसाइटी की 15वीं मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची विजयनगर थाना पुलिस ने छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अचानक घटी घटना, परिवार में पसरा मातम
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच की है। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल की छात्रा शनाया के गिरने की आवाज सुनते ही सुरक्षा गार्ड और आसपास के लोग मौके पर दौड़े। सूचना मिलते ही परिजन भी वहां पहुंचे और डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचित किया गया। इस दुखद खबर से परिवार स्तब्ध है और सदमे के कारण छात्रा की मां की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भी अस्पताल भर्ती कराना पड़ा।
कथित सुसाइड नोट में छलका पढ़ाई के दबाव का दर्द
पुलिस की जांच के दौरान मौके से एक भावनात्मक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में शनाया ने स्पष्ट रूप से लिखा कि वह यह कदम केवल अकादमिक और पढ़ाई के अत्यधिक दबाव के कारण उठा रही है। उसने लिखा कि
'Only doing this because of Academic pressure. I don’t blame anyone. I blame myself, I love you mummy papa...'
सुसाइड नोट में उसने माता-पिता, दादी और अपनी छोटी बहन रिद्धि का ध्यान रखने की अपील की है। शनाया ने अपने दोस्तों और परिजनों मौसी-मौसा, मामा-मामी, चाचा-चाची, नानी से खुद को संभालकर खुशी-खुशी जीने की गुजारिश की। उसने भावुक होते हुए लिखा कि उसकी वजह से उसकी बहन रिद्धि का भविष्य प्रभावित न हो, और सभी लोग अपनी जिंदगी में सफल बनें।
Advertisement
जांच में जुटी विजयनगर पुलिस
पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल का मुआयना कर सुसाइड नोट की प्रामाणिकता की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट के हर शब्द और छात्रा की मानसिक स्थिति की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। परिजनों, दोस्तों और सोसाइटी के लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई जा रही है। पूर्ण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें - चीखने लगे यात्री, सिर पर गिरा सामान...ईरान में टेकऑफ के दौरान फटा प्लेन का टायर, वायरल हुआ खौफनाक Video