ठंड ने ठिठुराया पूरा उत्तर भारत, अभी और गिरेगा पारा, 7 जनवरी तक इन राज्यों में चलेगी शीतलहर; कहां- कहां हो सकती है बारिश?
IMD Alert: मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में बढ़ेगी सर्दी और घना कोहरा जनजीवन प्रभावित करेगा। कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी के भी आसार हैं। जानिए कहां कैसा रहेगा मौसम का हाल?
- भारत
- 2 min read

Weather report: देश के कई राज्य इस वक्त भीषण ठंड की चपेट में है। उत्तर भारत समेत कई जगहों पर पारा गिर गया है। कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं, घने कोहरे की वजह से यातायात प्रभावित हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग की मानें तो अभी लोगों को ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। क्योंकि आने वाले दिनों में पारा और गिरने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर घना कोहरा भी छाया रहेगा।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि अभी एक हफ्ते तक स्थिति ऐसी ही रहेगी। ठंड का प्रकोप इस दौरान बना रहेगा। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे।
इन राज्यों में चलेगी शीतलहर
सोमवार, 5 जनवरी से उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। इसके साथ ही IMD ने पूर्वी राजस्थान और पूर्वी यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया है।
वहीं, 5 से 9 जनवरी तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में, 10 जनवरी तक पूर्वी राजस्थान में, 6-7 जनवरी को झारखंड में भीषण शीतलहर चलने की आशंका जताई है।
Advertisement
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
बात दिल्ली की करें तो मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक दिल्ली में मुख्य रूप से आसमान साफ बना रहेगा। कुछ जगहों पर हल्का, तो कुछ पर मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में यहां पारा और गिर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक इस सप्ताह राजधानी और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिलने के आसार हैं।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार
वहीं, कुछ राज्यों में बारिश के भी आसार हैं। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में 5 और 6 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल में भी बर्फ गिरने के आसार हैं। उत्तराखंड में 6 जनवरी को बर्फबारी की संभावना जताई गई है।