लू के बीच राहत की खबर, दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में बरसेंगे बादल; जानें कब होगी बारिश? पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
भीषण गर्मी और लू के बीच राहत की खबर आई है। कुछ दिनों बाद मौसम बदलेगा, जिससे उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना जताई जा रही है, जानें दिल्ली और अन्य शहरों का ताजा हाल। पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 3 min read

IMD weather update: देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3-4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू (Heat Wave) चलने की चेतावनी जारी कर दी है। हालांकि, इस झुलसाती गर्मी के बीच जल्द ही मौसम के मिजाज बदलने के संकेत भी मिले है, जो राहत की खबर है।
दिल्ली-NCR में कब मिलेगी गर्मी से राहत?
राजधानी दिल्ली में फिलहाल भीषण गर्मी का असर बरकरार है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिनों तक लोगों को तेज गर्म हवाओं और लू का सामना करना पड़ेगा। 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। राहत की बात यह है कि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखा जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 26 से 28 अप्रैल के बीच दिल्ली-NCR में आंशिक बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना
आईएमडी की ताजा रिपोर्ट की बात करें तो, 26 से 29 अप्रैल के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़: गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है।
- उत्तर प्रदेश: 28 और 29 अप्रैल को आंधी-बारिश का प्रभाव देखने को मिलेगा।
- बिहार और झारखंड: धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं, जिससे भीषण लू से कुछ हद तक निजात मिल सकती है।
- जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
बढ़ते तापमान से बढ़ेगा आफत
बढ़ते तापमान और कूलर-एसी के ज्यादा उपयोग के कारण देश में बिजली की मांग 240 गीगावाट के स्तर को पार कर गई है। स्थिति को देखते हुए, दिल्ली सरकार ने स्कूलों के लिए 'हीट वेव एक्शन' गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके तहत स्कूलों को छात्रों के लिए पेयजल, सुरक्षित वातावरण और बचाव के उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, राजस्थान के जयपुर, दौसा और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में भी प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है।
Advertisement
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जो चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए एक बड़ी राहत होगी।