Weather: 2 जुलाई को 19 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट, तेज आंधी के साथ दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम; जानें IMD का ताजा अपडेट

मौसम विभाग ने 2 जुलाई को 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के साथ तेज आंधी के आसार है, जानें कहां-कहां बारिश होगी, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Delhi weather forecast
मौसम का ताजा अपडेट | Image: Representative ai

Weather update: मौसम विभाग ने 2 जुलाई (वीरवार) को देश के 19 राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना जताई है। क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तेजी से आगे बढ़ चुका है, जिससे उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक बारिश का दौर शुरू होने वाला है। इससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन साथ ही तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

IMD का ताजा अलर्ट क्या कहता है?

IMD के मुताबिक, पंजाब से उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक एक मौसमी ट्रफ बना हुआ है। दूसरा ट्रफ दक्षिणी गुजरात से कर्नाटक तक फैला है। इनकी वजह से 2 जुलाई को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। दक्षिण गुजरात, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में  भारी बारिश के आसार हैं। महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वी-पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश इलाकों में बारिश होगी। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश होगी ऐसी संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात की जाए तो कल आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह और दोपहर के पहले हिस्से में कई जगहों पर हल्की और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।  

Advertisement

ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। नमी का स्तर भी काफी ऊंचा रहेगा। दोपहर के बाद और शाम को सतही हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा रहेगा।

इन राज्यों में भी होगी बारिश

झारखंड, पश्चिम बंगाल (गंगा के मैदानी और उप-हिमालयी क्षेत्र), सिक्किम और अंडमान-निकोबार में व्यापक बारिश होगी। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मूसलाधार बारिश की उम्मीद है। बिहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। केरल, माहे, लक्षद्वीप, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में भी काफी व्यापक बारिश होगी।

Advertisement

इसके अलावा, पूर्वी राजस्थान में छिटपुट और पश्चिमी राजस्थान में इक्का-दुक्का जगहों पर बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की या छिटपुट बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग ने दी सलाह   

IMD ने लोगों को सलाह दी है कि तेज हवाओं, आंधी और बिजली कड़कने के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रहें। खासकर शाम के समय सतर्क रहें। पेड़ों के नीचे और खुले मैदानों में न खड़े हों। इस बारिश से जहां किसानों को राहत मिलेगी, वहीं शहरी इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, अगले दो दिनों में मॉनसून गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के और इलाकों में पहुंचने वाला है।  

यह भी पढ़ें: ISI का फंडिंग एजेंट गिरफ्तार, 4 साल से जासूसों को पहुंचा रहा था पैसे

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड