IIT बॉम्बे में साहिल की आत्महत्या से बवाल, धरने पर बैठी मां बोली- बेटे की हत्या हुई; HOD पर लगाया धमकाने का आरोप

संस्थान द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आयोजित परीक्षा के दौरान एक छात्र को मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। जब इस मामले की गहन जांच की गई, तो सामने आया कि यह सामान्य नकल का मामला नहीं था। दरअसल, छात्र ने परीक्षा कक्ष के अंदर ही अपने मोबाइल से प्रश्नपत्र की तस्वीर खींची और उसे तुरंत 'ChatGPT' पर अपलोड कर दिया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

महाराष्ट्र के यवतमाल निवासी और IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस विभाग के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के बाद से कैंपस में भारी तनाव है। इसी साल जुलाई में संस्थान का हिस्सा बने साहिल की मौत से पूरा छात्र समुदाय आक्रोशित है। घटना के तुरंत बाद सैकड़ों छात्र देर रात सड़कों पर उतर आए और मुख्य प्रशासनिक भवन के बाहर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परीक्षा में ChatGPT का इस्तेमाल और प्रशासन का पक्ष

संस्थान द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, शनिवार को हुई परीक्षा के दौरान साहिल को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था। जांच में पता चला कि उसने सवालों के जवाब खोजने के लिए प्रश्नपत्र की तस्वीर खींचकर AI प्लेटफॉर्म 'ChatGPT' पर अपलोड की थी। इनविजिलेटर द्वारा रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद उसे एचओडी और प्रशिक्षक के केबिन में ले जाया गया। प्रशासन का दावा है कि साहिल के खिलाफ कोई दंडात्मक या अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी। अधिकारियों के अनुसार, उसे केवल समझाया गया और भविष्य खराब न होने का आश्वासन देकर सहज महसूस कराते हुए हॉस्टल भेज दिया गया था।

छात्रों का आरोप है मानसिक दबाव और धमकियां

प्रशासन के दावों के उलट, प्रदर्शनकारी छात्रों का सीधा आरोप है कि विभागीय बातचीत और काउंसलिंग के नाम पर साहिल पर अत्यधिक मानसिक दबाव बनाया गया। छात्रों का कहना है कि HoD और अधिकारियों ने बंद कमरे में उसे इस कदर डराया-धमकाया कि वह गहरे तनाव में चला गया। इसी खौफ के चलते हॉस्टल लौटकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। देर शाम तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो सहपाठियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां वह मृत मिला।

धरने पर बैठीं साहिल की मां लगा रहीं इंसाफ की गुहार

बेटे की मौत की दर्दनाक खबर सुनते ही साहिल का परिवार मुंबई पहुंच गया है। साहिल की मां अपने बेटे को इंसाफ दिलाने के लिए कैंपस में प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ धरने पर बैठ गई हैं। वहीं, बैंक ऑफ महाराष्ट्र में कार्यरत उनके पिता और चाचा पवई पुलिस स्टेशन में मौजूद हैं।

Advertisement

पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई

पवई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि काउंसलिंग के बाद छात्र किस मानसिक स्थिति से गुजर रहा था। जांच के हिस्से के रूप में कुछ छात्रों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। दूसरी ओर, IIT बॉम्बे प्रशासन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रभावित छात्रों, दोस्तों व सहपाठियों को हर संभव मनोवैज्ञानिक सहयोग देने की बात कही है। फिलहाल, कैंपस में इंसाफ की मांग को लेकर स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।

ये भी पढ़ें - 'सनातन से ही भगवा आसमान था और है... 'वंदे मातरम' विवाद पर राहुल गांधी पर बरसे मनोज मुंतशिर, कहा- हिंदुस्तान किसी के बाप का नहीं

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड