अपडेटेड 21 March 2024 at 21:40 IST

क्या है दिल्ली शराब घोटाला, जिसमें CM केजरीवाल की हुई गिरफ्तारी? जानिए पूरी टाइमलाइन

Kejriwal Arrested: ईडी के अधिकारी ने उनसे पूछताछ की और फिर सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया।

Follow : Google News Icon  
Delhi CM Arvind Kejriwal
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल | Image: PTI

Delhi Excise Policy: दिल्ली का शराब घोटाला आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी मुसीबत बन गया। मनीष सिसोदिया, संजय सिंह के बाद अब AAP सुप्रीम और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी इस मामले में गिरफ्तार हो गए है। ये इस मामले में ईडी की अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।

आज (21 मार्च) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर छापेमारी की थीं। इसके बाद ईडी के अधिकारी ने  उनसे पूछताछ की और फिर सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया।

बता दें कि दिल्ली की आबकारी नीति 2021-22 में कथित घोटाले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। मामले में पूछताछ के लिए ईडी ने कई बार सीएम केजरीवाल को समन भेजा, लेकिन हर बार वह पूछताछ  से भागते नजर आए। उन्हें पूछताछ के लिए 9 समन जारी किए गए थे, लेकिन वह ईडी के सामने पेश नहीं हुए। इसके बाद गुरुवार को ईडी की टीम उनके घर पहुंचीं।

आखिर क्या थी दिल्ली की नई शराब नीति?

बता दें कि दिल्ली सरकार ने नई शराब नीति को 17 नवंबर 2021 को लागू किया था। नीति के तरत सरकारी ठेकों को बंद कर सभी शराब की दुकानों को प्राइवेट कर दिया गया। इस नई नीति के तहत दिल्ली के 32 जोन में 849 दुकानें खुलनी थीं। हर जोन में 27 दुकानें खोलने की बात कही गई थी। दिल्ली सरकार ने इस पॉलिसी के पीछे तर्क ये दिया था कि नई नीति से माफिया राज खत्म होगा और और सरकार के राजस्व में बढ़ावा होगा। नई शराब नीति शुरू से ही विवादों में रही। बवाल बढ़ने पर सरकार ने इसे 28 जुलाई 2022 को रद्द कर दिया था। 

Advertisement

कैसे फंसे सीएम केजरीवाल?

दिल्ली शराब घोटाले मामले में सीएम केजरीवाल को ईडी का पहला समन 2 नवंबर को जारी हुआ था। ये समन प्रिवेन्शन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत जारी हुआ था। वहीं, ईडी इस मामले में अपनी चार्जशीट में भी कई बार सीएम केजरीवाल के नाम का जिक्र कर चुकी है। ईडी का आरोप है कि जब एक्साइजर पॉलिसी तैयार हो रही थी, तब कई आरोपी केजरीवाल के भी संपर्क में थे। कई आरोपी पूछताछ के दौरान उनके नाम का जिक्र कर चुके हैं।

BRS नेता के. कविता के अकाउंटेंट बुचीबाबू ने खुलासा किया था कि के कविता, सीएम केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के बीच राजनीतिक समझ थी। एक और आरोपी दिनेश अरोड़ा ने ईडी को बताया कि उसने केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की थी।

Advertisement

बता दें कि दिल्ली शराब घोटाले मामले में ईडी अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुके हैं।

जानिए शराब घोटाले में अब तक क्या-क्या हुआ?

  • सीबीआई-ईडी ने दर्ज किया केस: CBI ने इस मामले में अगस्त 2022 में केस दर्ज किया था। इसके बाद 23 अगस्त 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया।
  • शराब घोटाला मामले में पहली गिरफ्तारी सितंबर 2022 में हुई थी। इस दौरान आरोपी विजय नायर की गिरफ्तारी हुई है।
  • 25 नवंबर 2022 को सीबीआई ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थीं।
  • मामले में बड़ा एक्शन 26 फरवरी 2023 को लिया था। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की सीबीआई ने गिरफ्तार किया। वहीं इसके बाद ईडी ने सिसोदिया को अरेस्ट किया।
  • मामले की जांच की आंच सीएम केजरीवाल तक पहुंची। अप्रैल 2023 में घोटाले को लेकर सीएम केजरीवाल से सीबीआई की पूछताछ की थी।
  • 4 अक्टूबर 2023 को आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया। वह तब से जेल में बंद है।
  • 15 मार्च 2024 को BRS नेता के कविता को गिरफ्तार किया था। उन्हें हैदराबाद से अरेस्ट किया गया। 
  • अब मामले में सबसे बड़ा एक्शन लिया गया और 21 मार्च 2024 को दिल्ली के सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें: BIG BREAKING: दिल्ली शराब घोटाले में ED की सबसे बड़ी कार्रवाई, पूछताछ के बाद CM केजरीवाल गिरफ्तार

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 21 March 2024 at 21:25 IST