अपडेटेड 23 June 2024 at 14:34 IST
बाढ़ से निपटने के लिए सरकार का फुल प्रूफ प्लान! अमित शाह ने बुलाई हाईलेवल मीटिंग, की गई समीक्षा
गृह मंत्री अमित शाह ने बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर अहम बैठक की है। असम जैसे राज्यों में बाढ़ से गंभीर समस्या अभी से खड़ी होने लगी हैं।
- भारत
- 2 min read

Amit Shah High Level Meeting: देश के अलग-अलग राज्यों में मानसून की आहट और उसके पहले असम जैसे राज्य में बाढ़ जैसी समस्या को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहम बैठक की है। गृह मंत्री अमित शाह ने संबंधित विभाग के मंत्रियों, गृह मंत्री और जल संसाधन मंत्रालयों समेत कई विभागों के अधिकारियों को भी बैठक में बुलाया। बैठक गृह मंत्रालय के नॉर्थ ब्लॉक में हुई, जहां अमित शाह की अगुवाई में बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और कुछ अन्य राज्यों में मानसून के दौरान भूस्खलन और बारिश से जुड़ी अन्य समस्याएं देखने को मिलती हैं। वर्तमान में असम बाढ़ का सामना कर रहा है और कई जिलों में लाखों लोग प्रभावित हैं। पिछले महीने चक्रवात रेमल ने भी त्रिपुरा में तबाही मचाई थी। इन हालातों को देखते हुए अमित शाह ने बैठक बुलाई।
कौन-कौन बैठक में शामिल हुआ?
बैठक में केंद्रीय जय शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, गृह मंत्रालयों/विभागों के सचिव; जल संसाधन, नदी विकास और नदी कायाकल्प, पृथ्वी विज्ञान; पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन; सड़क परिवहन और राजमार्ग; रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष; एनडीएमए के सदस्य और सचिव (प्रभारी); एनडीआरएफ और आईएमडी के महानिदेशक; सीडब्ल्यूसी, एनएचएआई के अध्यक्ष और संबंधित मंत्रालयों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बाढ़ से असम का हाल बेहाल
असम के नागांव जिले में बाढ़ ने करीब 6,000 लोगों को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिले के कामपुर और राहा राजस्व सर्किल के तहत 35 गांव जलमग्न हो गए हैं और 1,089 हेक्टेयर फसल क्षेत्र भी जलमग्न हो गया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, 19 जिलों में करीब 3 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अकेले करीमगंज जिले में 2.43 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के 19 जिलों के 48 राजस्व सर्किल के तहत 979 गांव बाढ़ की मौजूदा लहर से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के पानी ने बाढ़ प्रभावित जिलों में 3326.31 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को जलमग्न कर दिया है। चक्रवात रेमल ने असम में भी भारी बारिश की है, जिससे व्यापक बाढ़ आ गई है। चक्रवात रेमल के बाद आई बाढ़ में 29 से अधिक लोगों की जान चली गई है।
Advertisement
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 23 June 2024 at 14:34 IST