Updated March 28th, 2024 at 17:43 IST

'उनकी तबीयत ठीक नहीं, उन्हें परेशान किया जा रहा है...', CM अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता का दावा

दिल्ली की अदालत ने अरविंद केजरीवाल की ईडी हिरासत एक अप्रैल तक बढ़ा दी है। ईडी ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था।

Reported by: Digital Desk
Edited by: Dalchand Kumar
सुनीता अरविंद केजरीवाल | Image:ANI
Advertisement

Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें 'बहुत परेशान' किया जा रहा है। केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था। बृहस्पतिवार को दिल्ली की एक अदालत ने मुख्यमंत्री की ईडी हिरासत एक अप्रैल तक बढ़ा दी।

केजरीवाल के मामले की सुनवाई के दौरान सुनीता भी अदालत में मौजूद थीं। सुनीता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उनकी तबीयत ठीक नहीं है। उनके शर्करा स्तर (शुगर लेवल) में उतार-चढ़ाव हो रहा है। उन्हें बहुत परेशान किया जा रहा है। यह अत्याचार नहीं चलेगा...जनता जवाब देगी।’’

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'कभी केजरीवाल, कभी कांग्रेस के खाते'... अमेरिका दे रहा था आंतरिक मामलों में दखल, भारत ने लगाई फटकार

केजरीवाल की ईडी रिमांड बढ़ी

इधर, अरविंद केजरीवाल को एक अप्रैल तक के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख केजरीवाल की 7 दिन की हिरासत का अनुरोध किया, लेकिन अदालत ने कहा कि उन्हें एक अप्रैल को दिन में 11 बजे अदालत में पेश करना होगा।

ईडी ने केजरीवाल को राउज एवेन्यू अदालत की विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा के समक्ष पेश किया, क्योंकि उनकी वर्तमान हिरासत बृहस्पतिवार को समाप्त हो रही थी। ईडी ने हिरासत के लिए नई अर्जी में कहा कि हिरासत में पूछताछ के दौरान पांच दिन तक मुख्यमंत्री के बयान दर्ज किए गए और वह जवाब देने में टालमटोल कर रहे थे। ईडी ने कहा कि हिरासत के दौरान तीन अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

Advertisement

(PTI की इस खबर में सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया गया है)

Advertisement

Published March 28th, 2024 at 17:43 IST

Whatsapp logo