अपडेटेड 16 November 2023 at 11:05 IST
Haryana Roadways Strike: हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म की
हरियाणा के Ambala में एक बस चालक की हत्या को लेकर रोडवेज के कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से बसें सड़कों से गायब रहीं।
- भारत
- 2 min read

Haryana Roadways Bus News: हरियाणा के अंबाला जिले में एक बस चालक की हत्या को लेकर रोडवेज के कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से बुधवार को बसें सड़कों से गायब रहीं। हड़ताल के कारण भाई दूज के त्योहार पर लोगों को सफर करने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्टोरी में आगे पढ़ें...
- हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा से हुई थी बातचीत
- बैठक के बाद कर्मचारियों ने खत्म की हड़ताल
हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के साथ बुधवार रात को चंडीगढ़ में बैठक के बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी। बैठक के बाद मंत्री ने कहा कि बुधवार रात से ही सामान्य सेवाएं फिर शुरू हो जाएंगी।
कर्मचारियों ने हमलावरों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर मंगलवार आधी रात से हड़ताल शुरू कर दी।
Advertisement
पुलिस ने कहा था कि 12 नवंबर की रात्रि को अंबाला में अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद हरियाणा रोडवेज के बस चालक राजवीर (51) की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हमले के बाद सोनीपत निवासी राजवीर को गंभीर हालत में अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल लाया गया और बाद में पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
Advertisement
शव को बृहस्पतिवार सुबह अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद परिवहन मंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार दुख की घड़ी में मृतक के परिवार के साथ खड़ी है।
शर्मा के हवाले से एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि चालक के बेटे को उसकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चालक के परिवार को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इससे पहले दिन में रोडवेज के कर्मचारियों ने यमुनानगर, चरखी दादरी, करनाल, सोनीपत, सिरसा, हिसार और नारनौल सहित कई बस अड्डों पर धरना दिया और नारे लगाये।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी हमलावरों की गिरफ्तारी, राजवीर के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे।
हरियाणा रोडवेज यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमन सैनी ने कहा था कि राज्य में सभी रोडवेज बसें सड़कों से नदारद रहीं। भाई दूज के त्योहार पर हड़ताल के कारण यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
भाई दूज के लिए अपनी बहन के घर सहारनपुर जा रहे प्रवासी मजदूर राम स्वरूप ने बताया कि वह अंबाला छावनी रोडवेज बस स्टैंड के पास बस का इंतजार कर रहे थे, लेकिन कोई बस नहीं मिली। बाद में उन्हें एक टैक्सी किराये पर लेनी पड़ी जिसके लिए बहुत ज्यादा किराया चुकाना पड़ा।
यह भी पढ़ें : ISRO ने कहा- चंद्रयान-3 प्रक्षेपण यान का अनियंत्रित हिस्सा धरती के वातावरण में फिर लौटा
करनाल बस स्टैंड पर एक यात्री ने कहा कि उन्हें यमुनानगर जाने के लिए कोई रोडवेज बस नहीं मिल पाई, जबकि एक बुजुर्ग यात्री ने बताया कि हड़ताल के कारण जनता को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
Published By : Press Trust of India (भाषा)
पब्लिश्ड 16 November 2023 at 11:04 IST