अपडेटेड 16 August 2024 at 14:58 IST

अपनी डफली अपना राग... हरियाणा विधानसभा चुनाव में INDI में फूट, कांग्रेस अपने दम पर लड़ेगी इलेक्शन!

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्य के विधानसभा चुनाव में AAP के साथ गठबंधन के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है।

Follow : Google News Icon  
Bhupinder Singh Hooda
Bhupinder Singh Hooda | Image: PTI

Haryana News: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि राज्य के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है तथा कांग्रेस अपने दम पर राज्य में जीतने में सक्षम है। उनकी इस टिप्पणी से यह संकेत मिलता है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की गुंजाइश नहीं है। हरियाणा में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

पिछले दिनों हुड्डा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्तर पर हमारा गठबंधन है, लेकिन जहां तक प्रांतीय स्तर की बात है तो वहां कोई चर्चा नहीं है। कांग्रेस खुद में सक्षम है।’’ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने हरियाणा जैसे राज्यों में गठबंधन के सवाल पर मंगलवार को कहा था, ‘‘हमने महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू कश्मीर में चुनावी तैयारियों पर चर्चा की है। जहां भी गठबंधन जरूरी है, स्थानीय इकाई निर्णय ले रही है।’’

इससे पहले, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी गत चार जुलाई को कहा था कि दिल्ली और हरियाणा के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की बहुत गुंजाइश नहीं है। हालांकि महाराष्ट्र एवं झारखंड के विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) बरकरार रहेगा।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक हैं। लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने दिल्ली एवं हरियाणा में मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन पंजाब में दोनों अलग अलग मैदान में उतरे थे।

Advertisement

हुड्डा (76) ने यह भी कहा कि सेना में भर्ती की ‘अग्निपथ’ योजना और किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की मांग का असर भी हरियाणा विधानसभा चुनाव में दिखेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अग्निपथ का मुद्दा बड़ा है। लोकसभा चुनाव में असर दिखा और विधानसभा चुनाव में भी यह रहेगा... इस योजना को वापस लिया जाना चाहिए।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘हर साल फौज में हरियाणा के पांच हजार नौजवानों की भर्ती होती थी, लेकिन इस बार ढाई सौ भी भर्ती नहीं हुए।’’ हुड्डा ने कहा ‘‘एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग एक जायज मांग है।’’

उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस की ओर से किए गए कुछ वादों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ा कर छह हजार रुपये मासिक करेंगे, पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे, गैस का सिलेंडर 500 रुपये में देंगे, 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त देंगे, अनुबंधित कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित करेंगे, नौजवानों को दो लाख पक्की सरकारी नौकरी देंगे।’’

Advertisement

(PTI की इस खबर में सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया गया है)
 

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 16 August 2024 at 14:58 IST