Hapur: मायावती की भतीजी पति-सास के खिलाफ पहुंची थाने, लगाए गंभीर आरोप; BSP ने पार्टी से निकाला
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती की भांजी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है।
- भारत
- 2 min read

Mayawati Niece Domestic Violence Allegations: बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती की भांजी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और यौन उत्पीड़न के मामले में हापुड़ नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी, उनके पति और बेटे सहित कुल सात लोगों पर FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर हुई है। पार्टी ने तत्काल प्रभाव से तीनों को निष्कासित कर अनुशासनात्मक संदेश दे दिया है।
दरअसल, बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती की भांजी की शिकायत पर गुरुवार को हापुड़ नगर परिषद अध्यक्ष और उनके छह परिजनों के खिलाफ घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और यौन उत्पीड़न के आरोप में FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई अदालत के निर्देश के बाद की गई, पुलिस ने जानकारी दी।
एक फ्लैट और 50 लाख रुपये की करते थे मांग- पीड़िता
वकील राजीव शर्मा के अनुसार- महिला ने 9 नवंबर 2023 को हापुड़ नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी के बेटे विशाल से विवाह किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए BSP ने गुरुवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के चलते पुष्पा देवी, उनके पति श्रीपाल सिंह और बेटे विशाल सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया। यह जानकारी पार्टी के जिला अध्यक्ष ए.के. करदम ने प्रेस विज्ञप्ति में दी।
पीड़िता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि नौ नवंबर 2023 को उसका विवाह बैंक कॉलोनी निकट रामलीला ग्राउंड निवासी पुष्पा देवी के पुत्र विशाल के साथ हुआ था। पुष्पा देवी वर्तमान में बसपा से हापुड़ की नगर पालिकाध्यक्ष हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही पीड़िता के पति विशाल, ससुर श्रीपाल सिंह, सास पुष्पा देवी, जेठ भूपेंद्र उर्फ मोनू, जेठानी निशा, ननद शिवनी, मौसा ससुर अखिलेश एक साथ मिलकर दहेज में गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक फ्लैट और 50 लाख रुपये की मांग करने लगे।
Advertisement
BSP सुप्रीमो के नाम पर दहेज मांगने का आरोप
आरोप है कि आरोपी उसकी बुआ मायावती बहुजन समाज पार्टी की कर्ताधर्ता होने के नाते उसे धमकाते थे। आरोपियों का कहना था कि तुम्हारे पास बहुत पैसा है। तुम एक फ्लैट व 50 लाख रुपये की व्यवस्था कर दो। लेकिन उसके द्वारा विरोध करने पर आरोपी उसकी पिटाई करने लगे। आरोपी धमकी देते थे कि इस संबंध में किसी से शिकायत की तो झूठे केस लगवा दिए जाएंगे।