गुवाहाटी के उलुबारी इलाके में एक होटल के पास भीषण गोलीबारी, 4 लोगों की मौत; कई घायल
गुवाहटी के उलुबारी इलाके में एक होटल में हुई भीषण गोलीबारी में 4 लोगों की मौत हो गई है। फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
- भारत
- 4 min read

असम के गुवाहटी से बड़ी खबर सामने आई है। उलुबारी इलाके में एक होटल में भीषण गोलीबारी की घटना हुई है। गोली लगने से चार लोगों की मौत की खबर है। कुछ लोगों के घायल होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही तमामा आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। गुवाहाटी शहर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया है कि कई लोग हताहत हुए हैं और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी और जानकारी का इंतजार है।
अज्ञात बंदूकधारियों ने की अंधाधुंध फायरिंग
सोमवार शाम गुवाहाटी के व्यस्त बोरा सर्विस इलाके में उस समय दहशत फैल गई, जब अज्ञात बंदूकधारियों ने लचित नगर स्थित होटल बिलास इन में अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस घटना में कम से कम 4 लोगों की मौत की खबर है और कई अन्य घायल हो गए। गोलीबारी की घटना रात करीब 9 बजे हुई। होटल, जीएस रोड पर कल्याण ज्वेलर्स के आउटलेट के ठीक बगल में स्थित है।
होटल बिलास के कर्मचारी को भी लगी गोली
गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर पुलिस की टीमें और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। घायलों को, जिनमें होटल बिलास इन का एक कर्मचारी और कम से कम 2 महिलाएं शामिल हैं, इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया।
Advertisement
गुवाहाटी सिटी पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौतों की पुष्टि की और इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। मीडिया से बात करते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा, "यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। अब तक चार लोगों की मौत की जानकारी है। हालांकि मेडिकल जांच से पुष्टि होगी, लेकिन देखने से साफ है कि उनकी मौत हो चुकी है। मामले की जांच चल रही है। हम जल्द ही दोषियों को पकड़ लेंगे।"
हमलावरों ने होटल में एक समूह को निशाना बनाया
पुलिस सूत्रों और शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हमलावरों ने होटल में छह लोगों के एक समूह को निशाना बनाया, जिसमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। हालांकि कुछ रिपोर्टों में 5 लोगों की मौत की बात कही गई थी, लेकिन पुलिस कमिश्नर ने अब तक चार शव मिलने की पुष्टि की है। मृतकों और घायलों की पहचान अभी आधिकारिक तौर पर नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि गोली लगने वालों में होटल के कुछ कर्मचारी भी हो सकते हैं, लेकिन अभी इसकी पुष्टि की जा रही है।
Advertisement
जांच में जुटी पुलिस
गोलीबारी के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह कोई 'टारगेटेड अटैक' (सोचा-समझा हमला) था या फिर किसी निजी विवाद का नतीजा। पुलिस होटल और आसपास की जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल से फॉरेंसिक सबूत इकट्ठा कर रही है।