गाजियाबाद: BJP विधायक ने अधिकारियों से अपनी जान का खतरा बताया, रोज 50 हजार गायें काटे जाने का दावा

उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल द्वारा अपनी ही सरकार की पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) से खुद की जान का खतरा बताए जाने के बाद अब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Cow slaughterer
गाय | Image: Shutterstock / Representative

उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल द्वारा अपनी ही सरकार की पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) से खुद की जान का खतरा बताए जाने के बाद अब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शनिवार को राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधते हुए अपनी हत्या की आशंका जतायी है।

इस बीच मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को इस संबंध में दावा किया कि किसी भाजपाई मंत्री के या किसी भाजपाई विधायक के ही कंधे पर बंदूक रखकर, कोई भाजपाई ही कहीं दूर से निशाना साध रहा है।

गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शनिवार को अपनी हत्या की आशंका जताई है और आरोप लगाया है कि अधिकारी उनकी हत्या की साजिश रच सकते हैं। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया, “हमारी सरकार में रोजाना 50,000 गायें कट रही है।ये अधिकारी गायों के लिए दिए जाने वाले फंड को हड़प रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है।”

उन्होंने कहा , “मुख्य सचिव इस सब के पीछे हैं। मेरी हत्या की योजना पहले ही बना ली गयी है, इसके लिए नौ एमएम कैलिबर की 25 पिस्तौलें खरीदी गई हैं।” उनका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें उनको यह आरोप लगाते सुना जा सकता है। हालांकि वह यह भी कहते हैं कि मुख्य सचिव या पुलिस आयुक्त से उनका कोई निजी बैर नहीं है।

Advertisement

‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए विधायक ने कहा, “मेरे पास हथियार खरीदने के सबूत हैं और सही समय पर इसे सार्वजनिक करूंगा।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया, “अधिकारी भाजपा विधायकों और पार्टी नेताओं की समस्याएं नहीं सुन रहे हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा लगता है कि अधिकारी ईमानदार मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। गुर्जर ने कहा, “दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें लोनी में दो पुलिस हेड कांस्टेबल एक पीड़ित से पैसे वसूलते हुए दिखाई दे रहे थे। कुछ अधिकारी सपा और कांग्रेस नेताओं से मिले हुए हैं। अगर भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तो भाजपा आगामी चुनाव में 375 सीट जीतेंगी। अन्यथा भाजपा के उम्मीदवार चुनाव में अपनी जमापूंजी गवां देंगे।”

Advertisement

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को “एक्स” एक पोस्ट में विधायक गुर्जर के आरोपों का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “उप्र भाजपा सरकार में दो राजधानियों (दिल्ली-लखनऊ) के बीच आपस में ही आरोपों की तलवारें खिंचीं हैं।”

यादव ने दावा किया, “किसी भाजपाई मंत्री के या किसी भाजपाई विधायक के ही कंधे पर बंदूक रखकर, कोई भाजपाई ही कहीं दूर से निशाना साध रहा है।” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “सत्ता की इस रस्साकशी में जनता और सरकारी कामकाज पिस रहा है। अधिकारी इसमें अपनी रोटी सेंक रहे हैं।”

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया, “दरअसल यह जो लड़ाई है, उसका कारण भ्रष्टाचार की कमाई है, जिस पर सब एकाधिकार जमाना चाहते हैं। ” उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्‍ता संरक्षण एवं बाट माप मंत्री आशीष पटेल ने हाल में विशेष कार्यबल (एसटीएफ) से अपनी जान का खतरा बताया था। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में अपना दल (एस) कोटे के मंत्री पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा था कि वह हटाए जाने के लिए तैयार हैं, लेकिन वह इस्तीफा नहीं देंगे। अपनी पत्नी केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बड़ी बहन और सपा विधायक पल्लवी पटेल द्वारा विभागीय भ्रष्टाचार का आरोप लगाये जाने के बाद से मंत्री आशीष पटेल आक्रामक मुद्रा में हैं।

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड