Updated October 23rd, 2021 at 15:23 IST

महाराष्ट्र में देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश कर पुलिस ने कई पीड़िताओं को बचाया

मुंबई पुलिस ने पश्चिमी उप नगर मलाड में एक देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कम से कम पांच पीड़िताओं को बचाया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

| Image:self
Advertisement

मुंबई पुलिस ने पश्चिमी उप नगर मलाड में एक देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कम से कम पांच पीड़िताओं को बचाया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पांच पीड़िताओं में से दो नाबालिग हैं। बृहस्पतिवार शाम को मानोरी इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान उन्हें बचाया गया।

उन्होंने बताया कि अपराध शाखा की इकाई-11 ने एक गोपनीय सूचना के आधार पर दो होटलों पर छापा मारा था जहां कथित तौर पर उन्हें पीड़िताएं मिलीं जिनसे जबरन देह व्यापार करवाया जा रहा था।

पुलिस ने इस मामले में होटलों के दो मैनेजरों और कथित तौर पर दलाली के काम में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं, अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) कानून के तहत आरोपियों के खिलाफ गोराई थाने में मामला दर्ज किया गया है।

एक अन्य मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मीरा रोड पर कथित तौर पर देह व्यापार गिरोह चलाने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ ने बृहस्पतिवार को एक लॉज में महिला के पास एक फर्जी ग्राहक भेजा। आरोपी महिला वहां पर दो अन्य महिलाओं को लेकर पहुंची थी जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि दो पीड़िताओं बचाया गया है और उन्हें पुनर्वास केंद्र भेजा गया है।

Advertisement

Published October 23rd, 2021 at 15:23 IST

Whatsapp logo