फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चार दिवसीय यात्रा पर आज पहुंचेंगे भारत, मुंबई में PM मोदी करेंगे स्वागत; AI इम्पैक्ट समिट में भी होंगे शामिल
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चार दिवसीय यात्रा पर आज,16 फरवरी को भारत पहुंचेंगे। सोमवार की देर रात राष्ट्रपति अपनी पत्नी ब्रिगिट संग मुंबई पहुंचेंगे, जहां पीएम मोदी खुद उनका स्वागत करेंगे।
- भारत
- 2 min read

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चार दिवसीय यात्रा पर आज,16 फरवरी को भारत पहुंचेंगे। अपनी यात्रा के दौरान मैक्रों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और एआई इम्पैक्ट समिट 2026 सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सोमवार की देर रात राष्ट्रपति अपनी पत्नी ब्रिगिट संग मुंबई पहुंचेंगे, जहां पीएम मोदी खुद उनका स्वागत करेंगे। इस यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों में और मजबूती आने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति मैक्रों 16 फरवरी को रात करीब 11:30 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद मंगलवार 17 फरवरी को दोपहर 3:15 बजे लोक भवन (मुंबई) में मैक्रों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय मुलाकात होगी। इस दौरान दोनों नेता 'हॉरिजोन 2047 रोडमैप' के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। मुलाकात के बाद एमओयू का आदान-प्रदान होगा और संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।
मुंबई में पीएम मोदी संग मैक्रों की होगी द्विपक्षीय वार्ता
शाम करीब 5:20 बजे होटल ताज पैलेस में भारत-फ्रांस इनोवेशन फोरम का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 8:15 बजे गेटवे ऑफ इंडिया पर 'इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन एंड कल्चरल कमेमोरेशन' कार्यक्रम में दोनों नेता शामिल होंगे। यह 2026 को भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर के रूप में मनाने का प्रतीकात्मक उद्घाटन होगा। मुंबई में द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेता साथ में दिल्ली के रवाना होंगे।
एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे मैक्रों
18 फरवरी को दोपहर 1 बजे राष्ट्रपति मैक्रों नई दिल्ली के भारत मंडपम पहुंचेंगे, जहां वो एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेंगे। इस समिट में AI नई तकनीकों और डिजिटल सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी। मुख्य समिट के उद्घाटन समारोह में 19 फरवरी को राष्ट्रपति मैक्रों, प्रधानमंत्री मोदी समेत कई वैश्विक नेताओं की उपस्थिति भारत मंडपम में होगी।
Advertisement
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देगा, खासकर इनोवेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में। पीएम मोदी और मैक्रों क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। खासकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग, समुद्री सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। यह दौरा भारत और फ्रांस के बीच भरोसे, सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।