जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में वाहन के नदी में गिरने से चार लोगों की मौत, 2 लापता

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को एक वाहन के सड़क से फिसलकर नदी में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि चालक सहित दो लोग लापता है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
vehicle fell into river
किश्तवाड़ में वाहन नदी में गिरा | Image: KavinderGupta

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को एक वाहन के सड़क से फिसलकर नदी में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि चालक सहित दो लोग लापता हैं और बचाव अभियान जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना पद्दार क्षेत्र के सन्यास में हुई, जब वाहन सड़क से फिसलकर 300 फुट नीचे मचैल नदी में जा गिरा।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया और चार शव बरामद कर लिए।  उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अब्दुल्ला ने कहा कि उनका कार्यालय जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है, जो लापता दो व्यक्तियों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। 

उधमपुर से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह जानकर दुख हुआ कि वाहन में सवार चार यात्री मृत पाए गए हैं। चालक सहित दो अन्य व्यक्तियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’’

Advertisement

मंत्री ने कहा कि उन्होंने दुर्घटना की रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद किश्तवाड़ के उपायुक्त राजेश कुमार शवन से संपर्क किया। उन्होंने कहा, ‘‘बचाव दल काम कर रहा है। मैं पल-पल की जानकारी ले रहा हूं।’’ उपराज्यपाल सिन्हा ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘किश्तवाड़ में एक दुखद सड़क दुर्घटना के कारण लोगों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।’’ मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने भी दुर्घटना में चार व्यक्तियों की दुखद मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना को बहुमूल्य मानव जीवन की बड़ी क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। 

Advertisement
Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड