अपडेटेड 27 December 2024 at 09:18 IST
Manmohan Singh Family: पत्नी थीं प्रोफेसर, 3 बेटियां और दामाद IPS... ऐसा है पूर्व PM मनमोहन सिंह का परिवार
1958 में मनमोहन सिंह की शादी गुरशरण कौर से हुई थी। गुरशरण इतिहास की प्रोफेसर और एक लेखिका रही हैं। दोनों की तीन बेटियां- अमृत सिंह, दमन सिंह और उपिंदर सिंह हैं।
- भारत
- 2 min read

Manmohan Singh Family: देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। सादगी भरे जीवन के लिए पहचाने जाने वाले मनमोहन का पूरा जीवन उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्हें देश के आर्थिक सुधारों का जनक कहा जाता है।
साल 2004 से 2014 तक वह देश के प्रधानमंत्री रहे। इससे पहले उन्होंने वित्त मंत्री का पद भी संभाला था।
इस गांव में हुआ था मनमोहन सिंह का जन्म
बात डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार की करें तो इसमें उनकी पत्नी और तीन बेटियां हैं। उनका जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब के गाह गांव में हुआ। उनके पिता गुरमुख सिंह और मां का नाम अमृत कौर था।
मनमोहन सिंह की हैं तीन बेटियां
साल 1958 में मनमोहन सिंह की शादी गुरशरण कौर से हुई थी। गुरशरण इतिहास की प्रोफेसर और एक लेखिका रही हैं। दोनों की तीन बेटियां- अमृत सिंह, दमन सिंह और उपिंदर सिंह हैं। उनकी तीनों बेटियों ने अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर अपने-अपने क्षेत्रों में सफलताएं हासिल कीं।
Advertisement
मनमोहन सिंह की बड़ी बेटी उपिंदर सिंह एक जानी मानी इतिहासकार हैं। वह अशोका विश्वविद्यालय में इतिहास की प्रोफेसर और संकाय की डीन हैं। उपिंदर दिल्ली यूनिवर्सिटी में इतिहास विभाग की पूर्व प्रमुख भी रह चुकी हैं। उन्होंने प्राचीन भारतीय इतिहास पर काफी काम किया है और कई किताबें भी लिखी हैं। 2009 में उपिंदर को सामाजिक विज्ञान में इन्फोसिस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी शादी दर्शनशास्त्र के प्रोफेसर विजय तन्खा से हुई है।
IPS अधिकारी हैं दमन के पति
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की दूसरी बेटी दमन सिंह हैं। वह एक लेखिका हैं। वह अपने पिता पर भी किताब लिख चुकी हैं। उनकी इस किताब का टाइटल 'स्ट्रिक्टली पर्सनल: मनमोहन एंड गुरशरण' है, जो मनमोहन सिंह के जीवन से जुड़े कुछ अनसुने किस्सों के बारे में बताती है। दमन की शादी एक IPS अफसर से हुई है। 1983 बैच के IPS अधिकारी अशोक पटनायक उनके पति हैं।
Advertisement
वहीं, इनकी सबसे छोटी बेटी अमृत सिंह अमेरिका में वकील हैं। अमृत ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री हासिल की है। उन्होंने येल लॉ स्कूल से कानून की डिग्री हासिल की।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 December 2024 at 09:18 IST