अपडेटेड 20 August 2024 at 16:21 IST
झारखंड में होगा 'खेला'? हेमंत सरकार के बागी चंपई सोरेन की BJP नेताओं से हुई मुलाकात,क्या करेंगे ऐलान
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन तमाम अटकलों और कयासों के बीच दिल्ली से लौट गए हैं। चंपई सोरेन 18 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली पहुंचे थे
- भारत
- 2 min read

Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन तमाम अटकलों और कयासों के बीच दिल्ली से लौट गए हैं। चंपई सोरेन 18 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली पहुंचे थे। उसके पहले चर्चाएं थीं कि वो भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से मिलने के लिए दिल्ली आए हैं और जल्द हेमंत सोरेन का साथ छोड़कर भगवा पार्टी में शामिल हो सकते हैं। खैर, दिल्ली पहुंचते ही चंपई सोरेन ने कह दिया था कि वो जहां थे, अभी वहीं हैं। ये कहते हुए उन्होंने बीजेपी से संपर्क होने की अटकलों को खारिज कर दिया था। हालांकि एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि चंपई सोरेन चुपचाप बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मिले हैं। सूत्रों ने कहा कि चंपई सोरेन ने अपने दिल्ली दौरे के समय बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। हालांकि इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दावों पर चंपई सोरेन क्या बोले?
एक तरफ जहां चंपई सोरेन के बीजेपी में जाने के बार-बार दावे हो रहे हैं, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री इन दावों को खारिज करते रहे हैं। दिल्ली से रवाना होने से पहले भी चंपई सोरेन ने कहा, 'मैंने किसी से मुलाकात नहीं की। मैं यहां (दिल्ली) किसी निजी काम से आया था। मैं उनसे (बीजेपी नेता से) मिलना नहीं चाहता था?' बीजेपी में शामिल होने की अफवाहों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'मैं ये नहीं समझ पा रहा हूं कि यह सब कौन कह रहा है।'
झारखंड में CM सोरेन से मिले 4 विधायक
इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के 4 विधायक सीएम हेमंत सोरेने से मिलने उनके आवास पहुंचे। इन विधायकों में बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, विधायक रामदास सोरेन, मंगल कालिंदी और संजीव सरदार शामिल हैं। ये सभी विधायक सीएम आवास पर मौजूद रहे। सूत्र कहते हैं कि इन चारों विधायकों के बारे में भी चर्चा रही कि वो चंपई के साथ बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
Advertisement
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 20 August 2024 at 16:21 IST