पब्लिश्ड 23:32 IST, May 13th 2024
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी का निधन, PM मोदी सहित इन दिग्गजों ने निधन पर जताया शोक
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का निधन हो गया है। बिहार बीजेपी के दिग्गज नेता बीते 7 महीनों से कैंसर से लड़ाई लड़ रहे थे।
Sushil Kumar Modi : बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का निधन हो गया है। बिहार बीजेपी के दिग्गज नेता बीते 7 महीनों से कैंसर से लड़ाई लड़ रहे थे। सोमवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में उन्होंने 72 साल की उम्र में आखिरी सांस ली।
सुशील कुमार मोदी के निधन पर देश भर के दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित विपक्ष के कई नेताओं ने बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम के निधन पर शोक जताया है।
पीएम मोदी ने दुख जताया
सुशील कुमार मोदी के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताते हुए लिखा कि पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!
सुशील मोदी के निधन की खबर से आहत हूं- अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के निधन की सूचना से आहत हूं। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। ABVP से भाजपा तक सुशील कुमार ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति।
बिहार के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रहेगा- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता, सुशील कुमार मोदी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित था। उन्होंने बिहार में पार्टी को मजबूत और लोकप्रिय बनाने के लिए काफी परिश्रम किया। बिहार के विकास के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति!
सुशील मोदी निधन का समाचार अत्यंत दुःखद- जेपी नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
विद्यार्थी परिषद से लेकर अभी तक हमने साथ में संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया। सुशील मोदी का पूरा जीवन बिहार के लिये समर्पित रहा। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर विकास के पथ पर लाने में सुशील मोदी का प्रयास बहुत मददगार रहा है। उनका ना होना असंख्य कार्यकताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है । प्रभू दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को सम्बल प्रदान करें। ॐ शान्ति!
सुशील कुमार मोदी के निधन से व्यथित हूं- तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव कहा कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री, हमारे अभिभावक, संघर्षशील एवं कर्मठ नेता सुशील कुमार मोदी के असामयिक निधन की खबर सुन अत्यंत व्यथित हूँ। ईश्वर दिवगंत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों व शुभचिंतकों को दुख की इस घड़ी में सम्बल प्रदान करे। ॐ शांति ॐ
ममता बनर्जी ने जताया शोक
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के दुखद निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।
अपडेटेड 23:43 IST, May 13th 2024