कांग्रेस से निकाले जाने के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने कर दिया बड़ा ऐलान, विधानसभा चुनाव से पहले लॉन्च की नई पार्टी
कांग्रेस से निष्कासन के महज दो महीने बाद ही पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब की राजनीति में नया मोड़ देते हुए अपनी नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है।
- भारत
- 3 min read

पंजाब कांग्रेस से निष्कासित नेता नवजोत कौर सिद्धू ने बड़ी घोषणा की है। विधानसभा चुनावों से पहले उन्हें अपनी नई पार्टी लॉन्च की है। उन्होंने इसका नाम 'भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी' रखा है। सोशल मीडिया के जरिए नवजोत कौर सिद्धू ने इसकी जानकारी दी है।
कांग्रेस से निष्कासन के महज दो महीने बाद ही पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब की राजनीति में नया मोड़ देते हुए अपनी नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है। पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (Bharatiya Rashtrawadi Party) रखा गया है। नवजोत कौर सिद्धू, जो क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं, ने यह घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से की।
नवजोत कौर सिद्धू ने लॉन्च की नई पार्टी
नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी पार्टी का नाम और लोगो वाली एक इमेज भी शेयर की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है, 'यह एक बहुप्रतीक्षित घोषणा थी, हम राजनीतिक नेताओं के मौजूदा कामकाज के स्तर की बारीकी से निगरानी और समीक्षा करने के बाद, राष्ट्रीय स्तर पर एक नए विकल्प पर काम कर रहे थे। हम अपना जीवन अपने देश को समर्पित करना चाहते हैं, और लोगों को वह सब लौटाना चाहते हैं जिसके वे वास्तव में हकदार हैं और जिसकी वे हमसे अपेक्षा करते हैं।'
कैसे लॉन्च हुई पार्टी
नवजोत ने आगे लिखा है, यह एक ईश्वरीय हस्तक्षेप था जिसने कुछ ऐसे समान विचारधारा वाले लोगों को एक साथ ला दिया, जिनके पास हर राज्य में काम करने की क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प है। उनका साझा लक्ष्य न्याय और शांति प्रदान करना है, और प्रेम के माध्यम से 'उच्च चेतना' (Higher Consciousness) की ऊर्जा के साथ काम करते हुए, ठीक वही कर दिखाना है जिसकी वाहेगुरु जी हमसे अपेक्षा करते हैं।
Advertisement
क्या है पार्टी का संकल्प
हम पंजाब को उसकी खोई हुई गरिमा एक 'स्वर्ण राज्य' (Golden State) होने का गौरव पुनः प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ाएंगे। एक ऐसा राज्य जहां लोग केवल प्रेम, आपसी सहयोग, न्याय, स्वतंत्रता के अधिकार और आजादी की शक्ति को पहचानते हों; जहां लोग बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के, निस्वार्थ सेवा और आध्यात्मिक विकास के उद्देश्य से काम करते हुए अपने लक्ष्यों, मूल्यों और दृष्टिकोण को प्राप्त करते हों।
अपनी नई पार्टी की घोषणा करते हुए नवजोत सिद्धू ने कहा, यह पंजाब के लोगों की, लोगों के लिए और लोगों द्वारा बनाई गई सरकार होगी। हम आध्यात्मिक गुरुओं की सहायता से लोगों की आहत आत्माओं को सुकून पहुंचाएंगे, और 'सत्य तथा प्रेम' के उस मार्ग पर चलेंगे जो स्वयं वाहेगुरु जी की भाषा है।
Advertisement
नवजोत कौर को पार्टी ने किया था बाहर
बता दें कि नवजोत कौर सिद्धू को दिसंबर 2025 में कांग्रेस से सस्पेंड किया गया था और फरवरी 2026 में औपचारिक रूप से निष्कासित कर दिया गया। यह कार्रवाई उनके विवादास्पद बयान के बाद हुई, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद की कीमत 500 करोड़ रुपये के सूटकेस के बराबर है।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर भ्रष्टाचार और अवसरवाद का आरोप लगाते हुए कहा था कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू (पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष) को सीएम फेस बनाने के लिए पर्याप्त धन नहीं है।इस बयान ने पंजाब कांग्रेस में तूफान खड़ा कर दिया था। नवजोत कौर ने कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए राहुल गांधी को 'पप्पू' कहकर संबोधित किया और पार्टी की पंजाब इकाई पर सत्तारूढ़ आप के साथ सांठगांठ का आरोप लगाया।