अपडेटेड 11 April 2024 at 23:45 IST
Eid 2024: देशभर में हर्षोल्लास से मनाया गया ईद का पर्व, नमाज के बाद अमन-चैन की मांगी गई दुआ
Eid Celebration: केरल और लद्दाख में बुधवार को ईद मनाई गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में यह बृहस्पतिवार को मनाई गई।
- भारत
- 5 min read

Eid 2024: देशभर में बृहस्पतिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस मौके पर मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की।
राष्ट्रीय राजधानी में, पुराने शहर में 17वीं सदी की जामा मस्जिद में सुबह की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। चांदनी चौक, मीना बाजार और दरीबा कलां सहित जामा मस्जिद के आसपास के बाजारों में उत्सव जैसा माहौल रहा और त्योहार के लिए जमकर खरीदारी हुई।
जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद स्थानीय निवासी मोहम्मद गुफरान अफरीदी ने कहा, “इस्लाम का संदेश है कि सभी धर्मों के लोगों को प्रेम और स्नेह के साथ रहना चाहिए। यही ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ है। मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है।”
हर्षोल्लास से मना ईद का त्योहार
महीने भर के सुबह से शाम तक के उपवास के बाद, लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजन बेचने वाले भोजनालयों और रेस्तरांओं की ओर रुख किया और अपने पड़ोसियों, दोस्तों और रिश्तेदारों से भी मुलाकात की और 'सेवई' और 'खीर' जैसी मिठाइयां साझा कीं। केरल और लद्दाख में बुधवार को ईद मनाई गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में यह बृहस्पतिवार को मनाई गई।
Advertisement
दिल्ली के LG ने देशवासियों को बधाई
दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना ने कहा कि इस साल की ईद शायद दिल्ली के इतिहास में पहली बार है कि ‘नमाज’ सड़कों पर नहीं बल्कि मस्जिदों के अंदर पढ़ी गई और यह सद्भाव और सह-अस्तित्व का एक उत्कृष्ट उदाहरण था। सक्सेना ने बृहस्पतिवार को ईद के मौके पर लोगों को बधाई दी और कहा कि इससे पता चलता है कि सभी मुद्दों का समाधान आपसी बातचीत और सद्भावना से किया जा सकता है।
सक्सेना ने ‘एक्स’ पर की गई पोस्ट में कहा कि दिल्ली में कहीं भी सड़क पर नमाज अदा नहीं की गई और कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ईद-उल-फितर की बधाइयों को दोहराते हुए मैं दिल्ली की तमाम मस्जिदों और ईदगाहों के इमामों और हमारे सभी मुसलमान भाइयों का मस्जिद परिसरों के अंदर ही नमाज अदा करने के लिये दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।’’
Advertisement
ऐशबाग ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज की अदा
ईद उल फितर के मौके पर बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नगर के पुराने इलाके में ऐशबाग ईदगाह में ईद की नमाज़ अदा करने के लिए भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित हुए।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने ईदगाह का दौरा किया और वहां लोगों को बधाई दी। मीडिया से बातचीत में यादव ने कहा, ‘‘भारत में हम विभिन्न समुदायों के साथ मिलकर त्योहार मनाते हैं। यह हमारी संस्कृति की पहचान है। मुझे उम्मीद है कि हमारी साझा संस्कृति के साथ हम इस देश को समृद्धि की तरफ ले जाएंगे।”
अधिकारियों ने कहा कि लखनऊ के अलावा, कानपुर, बरेली, मुरादाबाद, प्रयागराज, मेरठ और बाराबंकी में भी ईद पर बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों और ईदगाहों में पहुंचे। पुलिस ने कहा कि राज्य में 31,000 से अधिक ईदगाहों और मस्जिदों में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई।
नमाज अदा करने के बाद, लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजन बेचने वाले भोजनालयों और रेस्तरांओं की ओर रुख किया और अपने पड़ोसियों, दोस्तों और रिश्तेदारों से भी मुलाकात की और 'सेवई' और 'खीर' जैसी दूध आधारित मिठाइयों का जमकर लुत्फ उठाया।
अलीगढ़ में ईद पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश
अलीगढ़ के दिल्ली गेट थाना इलाके में हालांकि ईद के मौके पर ईदगाह में प्रदर्शनकारियों ने ‘फलस्तीन मुक्त करो’ के नारे वाला एक बैनर लगाया जिसे लेकर कुछ युवकों और पुलिस के बीच मामूली नोकझोंक हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह विवाद तब शुरू हुआ जब आज सुबह ईदगाह में ईद की नमाज में शामिल होने वाले कुछ नमाजियों ने ‘फलस्तीन मुक्त’ नारे वाला एक बैनर लगा दिया। पुलिस ने बताया कि वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने इस पर आपत्ति जताई जिसके चलते प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन मामला कुछ ही देर में शांत हो गया।
सभी राज्यों में धूमधाम से मनाई गई ईद
तेलंगाना राज्य के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ हैदराबाद में मीर आलम ईदगाह और मक्का मस्जिद के अलावा शहर में अन्य स्थानों पर आयोजित विशेष नमाज में लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद अली शब्बीर के आवास पर गये और उन्हें बधाई दी।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने यहां मीर आलम ईदगाह में नमाज अदा की और इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "आपको और आपके परिवारों को ईद मुबारक। अल्लाह रमजान के महीने में हमारे रोजा, जकात और अच्छे कामों को स्वीकार करे।..."
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी और राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने राज्य के मुसलमानों को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रमजान एक ऐसा त्योहार है जो अनुशासन, दान और अन्य गुणों को बढ़ाता है। राज्यपाल ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद के आगमन के बाद से पवित्र कुरान की शिक्षाओं ने सदियों से समाज को आकार दिया है।
पश्चिम बंगाल में भी पूरे हर्षोल्लास के साथ ईद का त्योहार मनाया गया। कोलकाता और इसके आस-पास के इलाकों में कई सड़कें और गलियां रोशन थीं और शॉपिंग मॉल के अलावा मिलेनियम पार्क, इको पार्क और अलीपुर चिड़ियाघर जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर्यटकों से भरे थे।
झारखंड का सबसे बड़ा आदिवासी त्योहार 'सरहुल' और मुस्लिम समुदाय का पर्व 'ईद-उल-फितर' आज पूरे राज्य में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच धार्मिक और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सरहुल और ईद के मौके पर राज्य के नागरिकों को बधाई दी।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 11 April 2024 at 23:45 IST