Eid: ईद पर नमाज के बाद कई शहरों में हिंसा के बीच इस राज्य से आई खबर, हजारों नमाजियों पर भगवाधारियों ने की फूलों की बारिश
ईद के मौके पर राजस्थान में गंगा-जमुनी तहजीब का अनूठा उदाहरण देखने को मिला है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है जिसने हर किसी का दिल खुश कर दिया।
- भारत
- 2 min read

Rajasthan Eid Prayer Video: आज (31 मार्च) देशभर में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस बीच कई शहरों से आई हिंसक झड़प की खबरों ने मोहब्बत की मिठास ईद-उल-फितर में 'जहर' घोलने का काम किया। इन सबके बीच राजस्थान में गंगा-जमुनी तहजीब का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।
रमजान के पवित्र महीने के बाद सोमवार को देशभर में ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया गया। ईदगाहों में ईद की नमाज पढ़ी गई। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस बीच राजस्थान में ऐसा नजारा दिखा जिसने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। यहां हिंदुओं ने नमाजियों पर फूलों के पंखुड़ियों की बारिश की। देश के अलग-अलग शहरों से आई हिंसक झड़प की खबरों के बाद इस नजारे ने हर किसी का दिल खुश कर दिया।
हिंदुओं ने नमाजियों पर की फूलों की बारिश
नमाज अदा करने के बाद नमाजियों पर फूलों की बारिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि मुसलमानों का जमावड़ा लगा हुआ है। सभी एक-दूजे को ईद की मुबारकबाद देते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर छत पर भगवाधारी हिंदू दिखाई दे रहे हैं जो मुसलमान भाईयों पर फूलों की वर्षा कर रहे हैं। इस दौरान हिंदू-मुसलमान सभी के चेहरे पर खुशी का भाव है। करीब 50 सेकंड के इस क्लिप को जिसने देखा वो इसे बार-बार देखने पर मजबूर हो गया।
एकता और भाईचारे का जीवंत उदाहरण
दरअसल, यह दृश्य कहीं ओर से नहीं बल्कि जयपुर के दिल्ली रोड स्थित ईदगाह से है। हिंदू मुस्लिम एकता समिति के बैनर तले दिल्ली रोड स्थित ईदगाह पर ईद-उल-फितर मनाने आए मुस्लिमों पर हिंदुओं ने पुष्प वर्षा की। हिंदुओं का यह कदम सांप्रदायिक एकता और भाईचारे का जीवंत उदाहरण बन गया है।