UP Jobs: उत्तर प्रदेश में होने वाली है बंपर शिक्षक भर्ती, 11 हजार से ज्यादा सहायक अध्यापक और 10 हजार अनुदेशकों की नियुक्ति के लिए तैयारी शुरू

UP Teacher Bharti 2026: उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में रोजगार का बड़ा अवसर आने वाला है। बेसिक शिक्षा विभाग नगरीय परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 11,508 सहायक अध्यापकों और उच्च प्राथमिक स्कूलों में 10,000 अनुदेशकों की सीधी भर्ती करने जा रहा है।

Follow : Google News Icon  
UP Teacher Bharti 2026 Jobs
UP Teacher Bharti 2026 Jobs | Image: social media

UP Teacher Bharti 2026: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक बेहतरीन मौका सामने आ रहा है। राज्य के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से खाली चल रहे पदों को भरने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। इस बार शहरों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर नई नियुक्तियां की जाएंगी। 

विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, नगरीय परिषदीय स्कूलों में 11,508 सहायक अध्यापकों और जूनियर हाईस्कूलों में करीब 10,000 अनुदेशकों की सीधी भर्ती करने की योजना है। 

CM योगी ने दिए भर्ती प्रक्रिया तेज करने के संकेत

इस पूरी चयन प्रक्रिया को लेकर खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दे दी है। एक हालिया कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने और शिक्षक-छात्र का सही अनुपात बनाए रखने के लिए जल्द ही 21,000 से ज्यादा पदों पर नियुक्ति की जाएगी। सरकार की इस घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को सभी 75 जिलों से खाली पदों का ब्योरा भी भेज दिया गया है।

सालों बाद शहरों के सरकारी स्कूलों में होगी सीधी भर्ती

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के शहरी इलाकों में स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूलों में बहुत सालों से सीधी भर्ती नहीं हुई थी। इससे पहले साल 2011 से 2016 के बीच बहुत कम पदों पर कुछ नियुक्तियां हुई थीं, जिसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षकों का तबादला या समायोजन करके ही शहरी स्कूलों का काम चलाया जा रहा था।

Advertisement

साल 2018 में जो 68,500 और 69,000 शिक्षकों की बड़ी भर्तियां आई थीं, वे भी सिर्फ ग्रामीण इलाकों के लिए थीं। इसी बीच कई ग्रामीण स्कूल नगर निगम या शहरी सीमा के अंदर आ गए, जिससे शहरों में शिक्षकों की किल्लत और ज्यादा बढ़ गई। 

जानिए किस जिले में कितने पद खाली?

विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में खाली पदों की संख्या अलग-अलग है। इस बार सबसे ज्यादा वैकेंसी बरेली जिले में है, जहां 888 पद खाली हैं। इसके बाद कानपुर नगर में 758, मेरठ में 635, अलीगढ़ में 492, सहारनपुर में 448, लखनऊ में 444 और गाजियाबाद में 405 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा आगरा और फर्रुखाबाद में 315-315, मथुरा में 255, बुलंदशहर और फिरोजाबाद में 245-245, जालौन में 232 और अमरोहा में 230 खाली पद हैं। बदायूं, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर, हरदोई और पीलीभीत जैसे जिलों में भी 150 से लेकर 200 के बीच पद खाली पड़े हैं।

Advertisement

छोटे जिलों में भी युवाओं को मौका

ऐसा नहीं है कि सिर्फ बड़े शहरों में ही नौकरियां आ रही हैं, बल्कि राज्य के छोटे जिलों में भी युवाओं के लिए अच्छे अवसर हैं। हापुड़ में 108, प्रतापगढ़ में 107 और हमीरपुर में 105 पद खाली हैं। वहीं रायबरेली, भदोही, कौशाम्बी, ललितपुर, गोंडा, मैनपुरी और अयोध्या जैसे जिलों में भी 50 से लेकर 95 तक पद खाली हैं, जिन पर भर्ती की जाएगी। हालांकि, कुछ जिले ऐसे भी हैं जहां खाली पदों की संख्या बेहद कम है, जैसे गौतमबुद्धनगर में केवल 6, कुशीनगर में 8, कानपुर देहात में 12 और श्रावस्ती में मात्र 2 पदों पर ही भर्ती होगी।

ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी होगा विज्ञापन

जो भी अभ्यर्थी इस सुनहरे मौके का लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग और नए शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर बनाए रखें। बहुत जल्द ही भर्ती से जुड़ा पूरा विज्ञापन वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसमें ही आवेदन करने की तारीख, जरूरी शैक्षणिक योग्यता, उम्र सीमा और परीक्षा के पैटर्न के बारे में पूरी जानकारी विस्तार से दी जाएगी। 

ये भी पढ़ें:  BREAKING: ट्विशा शर्मा मौत मामले में MP सरकार का बड़ा एक्शन, CBI जांच की सिफारिश की; आरोपी पति अभी भी फरार

Published By:
 Shashank Kumar
पब्लिश्ड