अपडेटेड 6 March 2026 at 23:57 IST
क्रिकेटर Vaibhav Suryavanshi के मामा ने UPSC में लहराया परचम, IIT में रहे हैं गोल्ड मेडलिस्ट, बन सकते हैं IPS
Vaibhav Suryavanshi Mama UPSC Story: अभिषेक चौहान ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में 102वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। खास बात है कि अभिषेक चर्चित युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के मामा लगते हैं।
- भारत
- 2 min read

UPSC Result 2025: यूपीएससी ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में बिहार के अभिषेक चौहान ने शानदार सफलता हासिल की है, उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में 102वीं रैंक हासिल किया है। खास है कि अभिषेक चर्चित युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के मामा लगते हैं। IPS बनने की इस शानदार उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
कौन हैं अभिषेक चौहान?
बता दें, अभिषेक चौहान का संबंध समस्तीपुर जिले के राजाजान पंचायत से है। वे पूर्व मुखिया गया प्रसाद सिंह के पौत्र हैं। वहीं उनके पिता प्रो. अभय कुमार सिंह वर्तमान में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में कुलसचिव (रजिस्ट्रार) के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में शिक्षा और सामाजिक सेवा का माहौल होने के कारण अभिषेक को बचपन से ही आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रही।
कहां से हुई पढ़ाई?
अभिषेक चौहान की शैक्षणिक यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के आरके मिशन पुरुलिया से माध्यमिक और हाजीपुर के गुरु वशिष्ठ स्कूल से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद IIT धनबाद से जियोलॉजी में इंटीग्रेटेड M.Tech की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान उनकी प्रतिभा इतनी चमकी कि उन्होंने विश्वविद्यालय में टॉप करते हुए गोल्ड मेडल भी हासिल किया।
एक मल्टीनेशनल कंपनी में कुछ समय तक नौकरी करने के बावजूद, उनका मुख्य लक्ष्य सिविल सेवा ही था, जिसके लिए उन्होंने नौकरी छोड़कर अपना पूरा ध्यान तैयारी पर केंद्रित किया।
Advertisement
सेल्फ स्टडी से हासिल की बड़ी सफलता
खास है कि अभिषेक चौहान ने हाजीपुर में रहकर मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी के जरिए कड़ी मेहनत की और अपने पहले ही प्रयास में UPSC में यह शानदार सफलता हासिल की। हालांकि, उन्होंने इंटरव्यू के चरण में एक्सपर्ट्स से मार्गदर्शन लिया।
अभिषेक चौहान ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया है। अभिषेक चौहान की इस शानदार उपलब्धि के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और इससे कई और युवा बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए आगे आएंगे।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 6 March 2026 at 23:57 IST