अपडेटेड 24 October 2024 at 20:10 IST
शिक्षा मंत्रालय ने सरोज शर्मा को NIOS की अध्यक्ष पद से हटाया
शिक्षा मंत्रालय ने सरोज शर्मा को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) की अध्यक्ष पद से हटा दिया है।
- भारत
- 2 min read

शिक्षा मंत्रालय ने सरोज शर्मा को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) की अध्यक्ष पद से हटा दिया है। कुछ दिनों पहले ही दिल्ली पुलिस ने सरोज शर्मा के खिलाफ उनके ड्राइवर की आत्महत्या के सिलसिले में मामला दर्ज किया था। ड्राइवर ने शिक्षा मंत्रालय को पत्र लिखकर शर्मा पर उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया था।मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, शर्मा को उनके मूल विभाग गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में वापस भेज दिया गया है।
इस घटनाक्रम पर शर्मा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है। शर्मा के स्टाफ ड्राइवर राम कुमार, जो एनआईओएस कर्मचारी थे, ने 27-28 सितंबर की दरम्यानी रात आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले कुमार एक पत्र छोड़ गए थे जिसमें शर्मा पर उन्हें मानसिक पीड़ा देने और उन पर जातिवादी गालियां देने तथा उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
सरोज शर्मा को NIOS की अध्यक्ष पद से हटाया
मंत्रालय के आदेश में कहा गया, ‘‘प्रो. सरोज शर्मा को एनआईओएस की अध्यक्ष पद से उनके मूल विभाग गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में समय से पहले वापस भेजने के लिए मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति की 21 अक्टूबर, 2024 की मंजूरी के परिणामस्वरूप, उन्हें 23 अक्टूबर से कार्यमुक्त किया जाता है।’’
इस महीने की शुरुआत में गुजरात सरकार ने भारतीय अध्यापक शिक्षा संस्थान (आईआईटीई) की कुलपति के रूप में शर्मा की नियुक्ति रद्द कर दी थी। उन्हें पांच सितंबर को इस पद पर नियुक्त किया गया था, लेकिन उन्होंने कार्यभार नहीं संभाला था। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के वर्तमान अध्यक्ष पंकज अरोड़ा को छह महीने के लिए कार्यभार सौंप दिया है।
Advertisement
Advertisement
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 24 October 2024 at 20:10 IST