अपडेटेड 31 May 2024 at 18:10 IST
FY2024 Q4 GDP: जीडीपी में आया जबरदस्त उछाल, पिछले साल की तुलना में 1.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी
देश की GDP वृद्धि दर वित्त वर्ष 2023-24 में 8.2 प्रतिशत रही जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह सात प्रतिशत रही थी।
- भारत
- 3 min read

FY2024 Q4 GDP: वित्तीय वर्ष 2023-2024 की चौथी तिमाही (Q4FY24) के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आंकड़े शुक्रवार को जारी कर दिए हैं। सरकारी आंकड़े के अनुसार देश की GDP वृद्धि दर वित्त वर्ष 2023-24 में 8.2 प्रतिशत रही, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह सात प्रतिशत रही थी। देश की GDP वृद्धि दर जनवरी-मार्च तिमाही में 7.8 प्रतिशत रही जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 6.2 प्रतिशत थी।
नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस (NSO) की ओर से जारी आंकड़े बताते हैं कि देश की आर्थिक तरक्की ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत सरकार का कहना है कि वित्त वर्ष 2022-23 में 7.0% की वृद्धि दर की तुलना में वित्त वर्ष 2023-24 में वास्तविक जीडीपी 8.2% बढ़ने का अनुमान है। 2022-23 में 6.7% की वृद्धि दर की तुलना में 2023-24 में वास्तविक ग्रॉस वैल्यू एडेड (GVA) 7.2% बढ़ गया है। वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में वास्तविक GVA और वास्तविक जीडीपी क्रमशः 6.3% और 7.8% बढ़ने का अनुमान लगाया गया है।
मार्च तिमाही की वृद्धि रफ्तार में नरमी
देश की अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2023-24 की मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी। इसके साथ ही पूरे वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर बढ़कर 8.2 प्रतिशत हो गई। शुक्रवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी-मार्च 2024 में जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही जो एक साल पहले की समान तिमाही में 6.2 प्रतिशत थी। हालांकि अक्टूबर-दिसंबर, 2023 की तुलना में मार्च तिमाही की वृद्धि रफ्तार में नरमी आई है। दिसंबर तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था 8.6 प्रतिशत की उच्च दर से बढ़ी थी।
5.3 प्रतिशत रही चीन की आर्थिक वृद्धि
GDP निश्चित अवधि में देश की भौगोलिक सीमा के भीतर उत्पादित अंतिम वस्तुओं और सेवाओं के कुल मूल्य को बताता है। NSO के आंकड़ों के अनुसार पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में देश की जीडीपी 8.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। वित्त वर्ष 2022-23 में जीडीपी वृद्धि दर सात प्रतिशत रही थी। NSO ने अपने दूसरे अग्रिम अनुमान में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए जीडीपी वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रहने की संभावना जताई थी। आर्थिक मोर्चे पर भारत के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी चीन की आर्थिक वृद्धि दर जनवरी-मार्च तिमाही में 5.3 प्रतिशत रही है।
Advertisement
(भाषा इनपुट के साथ रिपब्लिक भारत डेस्क)
ये भी पढ़ें: NDA Vs INDI: विष गुरु, दो शहजादे से मुजरा तक... कटाक्ष के लिए याद किया जाएगा लोकसभा चुनाव 2024
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 31 May 2024 at 17:51 IST