अपडेटेड 18 August 2024 at 13:14 IST
कोलकाता दुष्कर्म-हत्या के विरोध में 9वें दिन भी डॉक्टरों की हड़ताल,जयपुर में महिला संगठन का प्रदर्शन
कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म और मर्डर केस के विरोध में देशभर में डॉक्टरों की हड़ताल आज 9वें दिन जारी है, जयपुर में महिला संगठन ने भी किया प्रदर्शन।
- भारत
- 4 min read

Kolkata rape-murder : कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म और मर्डर केस के विरोध में देशभर में डॉक्टरों की हड़ताल आज 9वें दिन (18 अगस्त) भी जारी है। जयपुर में भी महिला संगठनों और डॉक्टरों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश फैला दिया है, जयपुर में लोगों ने इसके खिलाफ आवाज बुलंद की है और इंसाफ की मांग की है।
इस बीच दिल्ली दुष्कर्म केस की पीड़ित निर्भया की मां ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। निर्भया की मां ने कहा कि ममता अपने पद का दुरुपयोग कर रही हैं। वह इस घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही हैं। उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए
जयपुर में महिला संगठन का भी विरोध
जयपुर में महिला संगठन और डॉक्टरों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। जयपुर के प्रमुख स्थानों पर हुए इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने इस घटना के प्रति अपनी नाराजगी और दुख व्यक्त किया।
कोलकाता में 10वें दिन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला चिकित्सक के कथित बलात्कार और हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे पश्चिम बंगाल के सरकारी अस्पतालों के जूनियर डॉक्टर की हड़ताल रविवार को भी जारी रही, जिससे राज्य में लगातार 10वें दिन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं।
Advertisement
सरकारी अस्पतालों में रविवार को बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहने के कारण मरीजों की भीड़ कम रही, लेकिन वरिष्ठ चिकित्सकों ने आपातकालीन विभाग में सेवाएं जारी रखीं।
हम अपना विरोध जारी रखेंगे- डॉक्टर
एक प्रदर्शनकारी चिकित्सक ने कहा, ‘‘हम स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करने के पक्ष में नहीं हैं। हम मरीजों की परेशानियों को समझ सकते हैं, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या की घटना के संदर्भ में हमारा विरोध बहुत प्रासंगिक है।’’
Advertisement
चिकित्सक ने कहा, ‘‘क्या हम काम पर आते समय यही अपेक्षा करते हैं? जब तक हमारी बहन को न्याय नहीं मिल जाता और सरकार हमारी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं कर देती, हम अपना विरोध जारी रखेंगे।’’ परास्नातक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक का शव नौ अगस्त को अस्पताल के संगोष्ठी कक्षा के अंदर पाया गया था। इस मामले में अगले दिन एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। जूनियर डॉक्टर मांग कर रहे हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दी जाए और पीड़िता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
सीबीआई कर रही है मामले की जांच
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 13 अगस्त को मामले की जांच कोलकाता पुलिस से लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आदेश दिया था। सीबीआई ने 14 अगस्त से मामले की जांच शुरू की थी। इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार ने कार्यस्थलों, विशेष रूप से सरकारी अस्पतालों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाने की घोषणा की है, जहां उन्हें रात्रि पाली में भी काम करना पड़ता है।
एक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित की जाएगी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुख्य सलाहकार अलपन बंद्योपाध्याय ने शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज के अलावा रात्रि पाली में महिलाओं से काम कराने वाले छात्रावास और अन्य स्थान अब एक प्रमुख कार्यक्रम ‘रातिरेर साथी-रात्रि सहायक’ के दायरे में आएंगे, जिसमें स्वयंसेवक शामिल होंगे।
राज्य सरकार ने अलार्म उपकरण के साथ एक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित करने का भी निर्णय लिया है, जिसे महिलाएं डाउनलोड कर सकेंगी और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित स्थानीय पुलिस थानों के साथ संपर्क करने के लिए इसका उपयोग कर सकेंगी।
(भाषा इनपुट के साथ रिपब्लिक भारत डेस्क)
यह भी पढ़ें :टीचर भर्ती के बहाने अखिलेश ने खोला BJP में कलह का धागा,मौर्य का आया जवाब
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 18 August 2024 at 07:14 IST