'सत्ता जाने के बाद दिमाग गड़बड़ा जाता है, उनके साथ यही हो रहा', ममता बनर्जी के परिसीमन बिल को खराब बताने पर भड़के दिलीप घोष
दिलीप घोष ने परिसीमन बिल को खराब बताने के लिए ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता चले जाने के बाद दिमाग गड़बड़ा जाता है और उनके साथ यही हो रहा है।
- भारत
- 6 min read

Dilip Ghosh on Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने परिसीमन बिल (डिलिमिटेशन बिल) को लेकर ममता बनर्जी के बयान पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सत्ता हाथ से जाने के बाद अक्सर लोगों का मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है और ममता बनर्जी के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है।
दिलीप घोष ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, 'ममता बनर्जी को जब हिंदी नहीं आती, तो बोलती ही क्यों हैं? पता नहीं क्या बोलना चाहती हैं। हिंदू धर्म को गंदा बताती हैं। अगर वह महिला आरक्षण विधेयक को 'गंदा विधेयक' मानती हैं, तो आखिर वह चाहती क्या हैं? सत्ता चले जाने के बाद दिमाग गड़बड़ा जाता है, उनके साथ वही हो रहा है।'
अभिषेक बनर्जी जो कर रहे, वह कानून के खिलाफ- घोष
इसके अलावा नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वीडियो क्लिप जारी करने के मामले में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर (FIR) पर भी दिलीप घोष ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
घोष ने कहा, 'अभिषेक बनर्जी जो कुछ भी कर रहे हैं, वह कानून के खिलाफ है। जहां तक उनके बयानों की बात है, तो उन्हें सामान्य मानसिक स्थिति में लौटने में कुछ समय लगेगा; इसीलिए ये सब चीजें हो रही हैं।'
Advertisement
अभिषेक ने लगाए फर्जी हलफनामे के आरोप
टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के पुलिस थानों के भीतर फर्जी हलफनामे तैयार किए गए, जिन्हें बाद में चुनाव आयोग में जमा कराकर पार्टी पर अपना दावा मजबूत करने की कोशिश की गई। अपने दावों के समर्थन में उन्होंने कुल सात वीडियो भी जारी किए, जिनमें कथित तौर पर थानों के अंदर हलफनामे तैयार होते हुए दिख रहे हैं। अभिषेक ने कहा कि कई लोगों के नाम पर बिना उनकी जानकारी के दस्तावेज जमा किए गए और उन पर नोटरी के हस्ताक्षर भी जाली हैं। उन्होंने अदालत से स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि 4 मई के बाद से ही भाजपा ने टीएमसी को तोड़ने की कोशिश की थी। उनके मुताबिक, पार्टी के लगभग 20 सांसदों को तोड़कर एक अन्य दल में शामिल कराने और फिर उन्हें एनडीए के पाले में लाने की योजना बनाई गई थी। इसके साथ ही उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट के उस फैसले का भी जिक्र किया, जिसमें ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के निर्णय को रद्द करते हुए स्पीकर को इस नियुक्ति पर पुनर्विचार करने को कहा गया है।
Advertisement
अभिषेक बनर्जी पर FIR दर्ज
दूसरी तरफ, अभिषेक बनर्जी की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के महज कुछ ही घंटों बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली। यह मामला पूर्वी बर्धमान जिले के कालना थाने में दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिखाए गए सभी वीडियो फर्जी हैं इन वीडियो का मकसद पश्चिम बंगाल पुलिस के कर्मियों की संलिप्तता को गलत तरीके से दिखाकर, जानबूझकर पुलिस की छवि खराब करना था।
दर्ज एफआईआर में वीडियो को AI की मदद से तैयार करने की आशंका जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब राज्य की साइबर क्राइम विंग को इसकी जांच सौंपी गई है।