'सुजीत बोस जैसे और बहुत लोग अभी अंदर जाएंगे, बंगाल में जगह-जगह उत्पाद...' मंत्री दिलीप घोष ने TMC नेताओं को लेकर किया बड़ा दावा
बंगाल में कानून व्यवस्था को लेकर मंत्री दिलीप घोष ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'जो अपराधी और गैर सामाजिक तत्व राजनीति में आए थे उनक सलाखों के पीछे जाने का समय आ गया है।'
- भारत
- 3 min read

पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि बंगाल में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कारवाई हो रही है और ये आगे भी जारी रहेगी। वहीं, चुनाव के बाद की हिंसा पर उन्होंने कहा कि जो अपराधी और गैर सामाजिक तत्व राजनीति में आए थे वे अभी भी जगह-जगह उत्पात कर रहे हैं। मगर इन पर एक्शन हो रहा है और आगे भी यहा कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने TMC नेताओं के खिलाफ ईडी कार्रवाई पर भी प्रतिक्रिया दी है।
मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "जो अपराधी और गैर सामाजिक तत्व राजनीति में आए थे वे अभी भी जगह-जगह उत्पात कर रहे हैं। पुलिस कार्रवाई कर रही है। बहुत लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके जो पुलिस के साथ गैर कानूनी संपर्क थे वे बाहर आ रहे हैं। पुलिस कड़ा कदम उठाएगी। कोई कानून के खिलाफ काम नहीं कर पाएगा।"
सुजीत बोस जैसे और लोग भी अंदर जाएंगे-दिलीप घोष
TMC नेता और पूर्व मंत्री सुजीत बोस के खिलाफ ईडी की कार्रवाई पर दिलीप घोष ने कहा, 'सुजीत बोस और उनके जैसे कई लोग पहले से ही सलाखों के पीछे हैं और अभी ऐसे बहुत सारे और लोग भी हैं जो आने वाले दिनों में जेल जाएंगे। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही अदालत के हाथों में है।'
सुजीत बोस के खिलाफ क्यों हुआ एक्शन
बता दें कि ममता बनर्जी सरकार में मंत्री रहे सुजीत बोस को ईडी ने 11 मई को राज्य में नगर निकाय में कथित भर्ती घोटाले से जुड़ी धनशोधन जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया था।। उन पर पैसों के बदले नौकरी दिलाने का आरोप है। जांच एजेंसी ने उन्हें विधानसभा चुनाव के दौरान कई बार पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था। मगर चुनाव प्रचार में व्यस्त होने का हवाला देकर हाई कोर्ट से राहत मांगी थी।
Advertisement
ईडी की कार्रवाई के खिलाफ TMC नेता पहुंचे कोर्ट
TMC नेता ने ईडी द्वारा की गई अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को निर्देश दिया कि वह तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस की गिरफ्तारी के संबंध में जांच रिपोर्ट दाखिल करे।