रुपाणी ने पूछा- एक ही प्रस्ताव, पक्का? फिर नाम का ऐलान... देवेंद्र फडणवीस के CM बनने की कहानी, VIDEO
बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद फडणवीस ने पार्टी नेताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी का भी आभार जताते हुए कहा-'मोदी है तो मुमकिन है'।
- भारत
- 3 min read
देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। मुंबई में बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में देवेंद्र को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही महायुति में मुख्यमंत्री को लेकर चल रही माथापची खत्म हो गई। फडणवीस का तीसरी बार राज्य का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। 5 दिसंबर को उनकी ताजपोशी होगी। अपनी नई पारी के शुरुआत से पहले फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया है।
बुधवार को विधान भवन में हुई विधायक दल की बैठक में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय रूपाणी ने घोषणा की कि फडणवीस को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। विजय रूपाणी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि एक ही नाम पर सबने सहमति जताई है वो है देवेंद्र फडणवीस। फडणवीस के नाम की घोषणा होते ही विधान भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान जय भवानी और छत्रपति शिवाजी के जयकार के नारे भी लगे।
विजय रूपाणी ने की फडणवीस के नाम की घोषणा
देवेंद्र फडणवीस के नाम की घोषणा के बाद उन्हें मंच पल बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि राज्य और केंद्र में डबल इंजन की सरकार’ विकास को बढ़ावा देगी। बता दें कि बीजेपी ने सीतारमण और रूपाणी को पार्टी की महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
हम एक हैं तो सेफ हैं-देवेंद्र फडणवीस
बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद फडणवीस ने पार्टी नेताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी का भी आभार जताया। फडणवीस ने कहा,सबसे पहले राज्य की जनता को साष्टांग प्रणाम करेंगे। पार्टी ने मुझे सर्वसम्मति से नेता के रूप चुना, इसके लिए धन्यवाद। विजय रूपाणी और निर्मला सीतारमण को भी हृदय से धन्यवाद। महाराष्ट्र का चुनाव बहुत ऐतिहासिक था। मैं कहूंगा कि इस चुनाव ने एक बात रखी है, वो है एक है तो सेफ है और मोदी है तो मुमकिन है। ये आगे भी लागू है। हम सेफ तभी हैं, जब एक हैं। इसके बाद देवेन्द्र फडणवीस ने विधान भवन परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि दी।
Advertisement
तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने फडणवीस
'मेरा पानी उतरता देख, मेरे किनारे घर मत बसा लेना, मैं समंदर हूं, लौटकर जरूर आऊंगा'। साल 2019 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में देवेंद्र फडणवीश ने ये लाइन कही थी और आज की परिस्थिति में यह सटीक बैठ रहा है। फडणवीस महाराष्ट्र की सियासत में पूरे रुतबे और दबदबे के साथ लौट आए हैं। तीसरी बार वो मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। 5 दिसंबर को आजाद मैदान में शाम 5 बजे महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
5 दिसंबर को आजाद मैदान में ताजपोशी
5 दिसंबर को देवेंद्र फडणवीस की ताजपोशी होगी। शपथ ग्रहण समारोह का पहला निमंत्रण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया जाएगा। बीजेपी शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है। बता दें कि महाराष्ट्र
विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 149 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने 132 सीटों पर जीत हासिल की है। शिवसेना (शिंदे) ने 57 तो एनसीपी को 41 सीटों पर जीत मिली है।