Weather: उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर जारी, दक्षिण भारत में छिटपुट बारिश; जानें आज का मौसम अपडेट
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारत में हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। IMD ने ताजा जानकारी दी है। पढ़ें
- भारत
- 2 min read

Dense Fog Alert: देश में जनवरी का मौसम दोहरी मार दे रहा है। एक तरफ उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीतलहर का प्रकोप है, तो दूसरी तरफ दक्षिणी राज्यों में छिटपुट बारिश जारी है। उत्तर भारत में कई जगह कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हिमालयी राज्यों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बर्फीली हवा चल रही है, जिसने उत्तर भारत को भी चपेट में ले लिया है। IMD की माने तो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार में ठंडी हवा चल रही है। अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान जताया जा रहा है।
IMD ने ताजा जानकारी दी है कि, आज (15 जनवरी 2026) सुबह के वक्त अलग-अलग एयरपोर्ट पर कोहरे के साथ विजिबिलिटी (900m से कम) की रिपोर्ट मिली है। ऐसे में कुछ दिन कोहरे के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। IMD के मुताबिक, आज (15 जनवरी),16 और 17 जनवरी को दक्षिण भारत में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। केरल और तमिलनाडु में जनवरी की शुरुआत में डीप डिप्रेशन के कारण भारी बारिश हुई थी, लेकिन अब सिस्टम कमजोर हो चुका है। IMD के 7 दिन पूर्वानुमान के मुताबिक, 15-17 जनवरी को केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और तटीय कर्नाटक में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
ठंड और कोहरे की चपेट में उत्तर भारत
उत्तर भारत में मौसम अभी भी सख्त है। IMD ने 15-17 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा जारी रहने की चेतावनी दी है। शीतलहर भी कई जगहों पर जारी रहेगी, जिससे न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 जनवरी से हल्की बारिश या बर्फबारी शुरू हो सकती है, जो ठंड को और बढ़ाएगी। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि यात्रा करते समय कोहरे से सावधान रहें, हाईवे पर धीमी गति रखें। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, खासकर बच्चे और बुजुर्ग ठंड से बचे।