दिल्ली-NCR समेत 11 राज्यों में तेज आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, सतर्क रहने की सलाह; जानें IMD का ताजा अपडेट
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत समेत 11 राज्यों में भारी बारिश, ओला और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और क्या कुछ जानकारी दी, पूरी खबर पढ़ें
- भारत
- 2 min read

IMD Heavy Rain Alert: पिछले दिनों की भीषण गर्मी के बाद अब मौसम बदल रहा है, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित देश के 11 राज्यों में अगले 15 घंटों के भीतर भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो खतरनाक है।
दरअसल, पिछले 2 हफ्तों से मॉनसून एक जगह अटका हुआ था। भीषण गर्मी और शुष्क हवाओं ने लोगों को परेशान किया। अब बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम अचानक बदल गया है।
इन 11 राज्यों में अलर्ट जारी
उत्तर भारत में दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान
मध्य और पश्चिम भारत में MP और छत्तीसगढ़
बिहार, झारखंड के अलावा पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
IMD ने गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। लोगों को ऊंचे पेड़ों, साइनबोर्ड, बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। कच्चे मकानों में रहने वालों को सुरक्षित जगह पर जाने को कहा गया है। खराब मौसम की वजह से दिल्ली और लखनऊ के हवाई अड्डों पर उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। यात्री यात्रा से पहले एयरलाइंस से संपर्क करें।
Advertisement
किसानों की बढ़ी चिंता
जून का आधा महीना बीतने के बावजूद मॉनसून की रफ्तार सुस्त रही है। खेतों में पानी की कमी से धान, गन्ना, सब्जियों और खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हो रही है। किसान भाई भारी बारिश और ओले से फसलों के नुकसान को लेकर चिंता में हैं। मौसम विभाग ने कहा कि ये सिस्टम अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रह सकता है। प्रशासन ने सभी राज्यों में तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोगों से अपील है कि वे मौसम की खबर नियमित रूप से देखते रहें और बिना वजह बाहर जाने से बचें।