अपडेटेड 30 October 2024 at 23:53 IST

दिवाली की पूर्व संध्या पर दिल्ली में अक्टूबर का दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया

दिल्ली में दिवाली की पूर्व संध्या पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का दूसरा सबसे गर्म दिन है।

Follow : Google News Icon  
Odisha temperature
तापमान | Image: Shutterstock

दिल्ली में बुधवार को दिवाली की पूर्व संध्या पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का दूसरा सबसे गर्म दिन है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

इस महीने का अधिकतम तापमान 19 अक्टूबर को 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के मुताबिक इस साल अक्टूबर का महीना भी कमोवेश पिछले साल की तरह रहा। उसने बताया कि अक्टूबर 2023 में तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो 2021 और 2020 दोनों के समान है। साथ ही, 2023 की तरह ही इस साल के अक्टूबर में भी किसी दिन बारिश नहीं हुई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल अक्टूबर में तापमान सामान्य बना हुआ है और इसमें कोई बड़ी गिरावट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि अगर तापमान कम होता तो प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता था।

Advertisement

उन्होंने बताया कि नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार शाम चार बजे शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 307 दर्ज किया गया।

Advertisement

मौसम विभाग के मुताबिक 40 निगरानी केंद्रों में से दो केंद्रों आनंद विहार और मुंडका में एक्यूआई 400 से अधिक दर्ज किया गया जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग द्वारा तय पैमाने के मुताबिक शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ तथा 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

राष्ट्रीय राजधानी में दिन के दौरान आर्द्रता का स्तर 61 प्रतिशत से 83 प्रतिशत के बीच रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को दिवाली की सुबह धुंध रहेगी लेकिन दिन में आसमान साफ ​​रहेगा।

विभाग ने कहा कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36 डिग्री सेल्सियस और 21 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 30 October 2024 at 23:53 IST