अपडेटेड 20 August 2025 at 11:28 IST
दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर हमले को लेकर AAP की आई प्रतिक्रिया, आतिशी ने कहा, लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले की चौतरफा निंदा हो रही है। AAP नेता आतिशी ने भी घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।
- भारत
- 3 min read

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की चौरतरफा निंदा हो रही है। पक्ष से लेकर विपक्ष घटना की कड़ी निंदा कर रही है। रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले को लेकर अब सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस बीच दिल्ली की पूर्व सीएम और AAP नेता आतिशी की रेखा गुप्ता पर हमले को लेकर प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
दिल्ली सीएम आवास पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर एक शख्स ने हमला कर दिया। यह घटना तब हुई, जब सीएम साप्ताहिक जन सुनवाई कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्या सुन रही थी। इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया है। AAP नेता आतिशी ने भी इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।
लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं-आतिशी
आतिशी ने अपने X हैंडल पर लिखा,दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
समाज में किसी भी तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं- सौरभ भारद्वाज
जनसुनवाई के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री पर हुए हमले पर AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, "यह निंदनीय है। हमारे समाज में किसी भी तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। यह हमें महात्मा गांधी ने सिखाया है। सवाल यह है कि कौन सा समूह हिंसा को संरक्षण दे रहा है? हिंसा सिर्फ मुख्यमंत्री पर हमले तक ही सीमित नहीं है बल्कि SSC के छात्रों और शिक्षकों पर पुलिस कार्रवाई तक भी होती है। किसानों ने अपने अधिकारों के लिए आंदोलन किया लेकिन पुलिस ने उन पर हिंसक कार्रवाई की - यह भी हिंसा ही थी। पुलिस को नागरिकों के साथ इस तरह का व्यवहार करने का कोई अधिकार नहीं है।"
Advertisement
सौरभ भारद्वाज ने केजरीवाल पर हुए हमले का किया जिक्र
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, "एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान एक भाजपा समर्थक ने अरविंद केजरीवाल पर हमला किया था। उस समय भाजपा ने कहा था कि वह व्यक्ति एक नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक था जो अरविंद केजरीवाल से नाराज था। जब भी अरविंद केजरीवाल पर हमला होता था, भाजपा कहती थी कि दिल्ली की जनता उनसे नाराज हैं। हम यह नहीं कहेंगे कि दिल्ली की जनता रेखा गुप्ता जी से नाराज है इसलिए हमला हुआ। किसी पर भी हमला गलत है। हम इस समय भाजपा का समर्थन कर रहे हैं क्योंकि हमारा मानना है कि सैद्धांतिक रूप से हिंसा गलत है और सभी दलों को इस तरह के कृत्य की निंदा करनी चाहिए..."
Advertisement
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 20 August 2025 at 11:18 IST