हिट एंड रन: दिल्ली में स्पीडिंग थार ने मां-बाप के इकलौते चिराग को कुचला, पिता ने रोते हुए कहा- "मोदी जी, न्याय दिला दो"
दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर 25 जून को तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मारी और कुचलते हुए चली गई। इस हिट एंड रन में चालक फरार हो गया। बेटे की मौत पर पिता ने आंसू बहाते हुए पीएम, गृह मंत्री और पुलिस से न्याय की अपील की है। उन्होंने कहा, “मेरे बेटे के हत्यारों को फांसी दो।”
- भारत
- 3 min read

राजधानी दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर 25 जून की सुबह एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने बाइक सवार सार्थक मट्टू को पीछे से टकराकर कुचल दिया। सार्थक महज 33 साल के थे। दुर्घटना के बाद थार चालक और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
सार्थक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। इस हिट एंड रन कांड ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। सार्थक के पिता सुरेंद्र मट्टू ने दिल्ली पुलिस, सीएम रेखा गुप्ता, गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की अपील करते हुए भावुक गुहार लगाई है।
सार्थक गुरुग्राम में एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करते थे। वह 25 जून सुबह करीब 6:30-6:40 बजे घर से नोएडा ऑफिस के लिए बाइक पर निकले थे। हेलमेट लगाए हुए थे, लेकिन रजोकरी फ्लाईओवर के पास कर्नाटक नंबर प्लेट वाली थार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मारी। थार सवार ने उन्हें रौंदा और बिना रुके भाग निकले। गाड़ी में दो लोग सवार बताए जा रहे हैं।
परिवार के पहुंचने से पहले मौत
एक राहगीर ने घटना देखी तो सार्थक का फोन उठाया। उसमें आखिरी डायल किया गया नंबर ऑफिस का था, जिस पर कॉल करके परिवार को सूचना दी गई। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो सार्थक की मौत हो चुकी थी।
Advertisement
पिता की भावुक अपील
बेटे की मौत से सार्थक के पिता पूरी तरह टूट गए हैं। उन्होंने ने आंसू बहाते हुए कहा, “मेरा बेटा हेलमेट पहने था। देखिए कितना मजबूत था, लेकिन फिर भी... मैं उसके कपड़ों की हालत आपको नहीं दिखा सकता, दिल नहीं मानता। उसकी मां अंदर से बिल्कुल टूट गई है।”
आज होता 34वां जन्मदिन
उन्होंने फरार चालकों पर आरोप लगाते हुए कहा, “उन्होंने मेरे बेटे को सड़क पर छोड़ दिया। कम से कम अस्पताल तो ले जाते।” आज मेरे बेटे का 34वां जन्मदिन था। पिता ने हाथ जोड़कर अपील की, “मैं सभी से गुजारिश करता हूं... मुझे न्याय चाहिए। मेरे बेटे के हत्यारों को गिरफ्तार करें, उन्हें फांसी दो, जेल भेज दो।”
Advertisement
दिल्ली पुलिस ने हिट एंड रन का केस दर्ज कर लिया है। कर्नाटक नंबर प्लेट और गवाहों के बयान के आधार पर थार और उसके सवारों की तलाश जारी है।