Schools Closed: जानलेवा पॉल्यूशन के बीच दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, आज से सभी प्राइमरी स्कूल बंद
बढ़ते पॉल्यूशन के चलते दिल्ली सरकार ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।
- भारत
- 3 min read

Delhi Schools Closed: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर से हालात बिगाड़ दिए हैं। बढ़ते पॉल्यूशन के चलते दिल्ली सरकार ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। 15 नवंबर 2024 से लागू इस फैसले के तहत स्कूलों को अगले आदेश तक ऑनलाइन क्लासेस के लिए निर्देशित किया जा सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गंभीर वायु गुणवत्ता को देखते हुए, ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के स्टेज-III के दिशानिर्देश शुक्रवार से प्रभावी हो गए हैं। आज (14 नवंबर) को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 428 पर पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। यह इस सीजन में पहली बार है जब AQI इतनी खराब स्थिति में दर्ज किया गया है। सरकार के इस कदम का उद्देश्य बच्चों को खतरनाक वायु प्रदूषण के प्रभाव से बचाना है, क्योंकि दिल्ली-एनसीआर में धुंध और विषाक्त हवा ने लोगों का दम घोंटना शुरू कर दिया है।
दिल्ली में पड़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग की माने तो, बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से वजह से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में कोहरे के साथ धुंध की चादर भी छाई हुई है, जिससे वायु गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में दिल्ली के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 16°C रहने की संभावना है। 20 नवंबर तक कड़ाके की ठंड की शुरुआत होने का अनुमान फिलहाल जताया जा रहा है।
कोहरे को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तर भारत में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमालयन, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में और गिरावट की संभावना
इस समय उत्तर-पश्चिमी भारत में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जिससे तापमान में 3-4°C तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। 18 से 20 नवंबर 2024 के बीच न्यूनतम तापमान 15°C से नीचे जा सकता है। ऐसे में अब आपको अपने घर में कंबल निकालने होंगे। फिलहाल सुबह से आधे दिन तक दिल्ली एनसीआर में कोहरा देखने को मिल रहा है।
Advertisement
दक्षिण भारत में बारिश का अनुमान
दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है, जबकि आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, लक्षद्वीप और दक्षिणी तेलंगाना में भी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, दक्षिणी कोंकण, गोवा और दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश हो सकती है।