दिल्ली के सीलमपुर में हत्याकांड पर सियासत शुरू, आतिशी बोलीं- कहां हैं अमित शाह? क्या कर रही डबल इंजन की सरकार
राजधानी दिल्ली में दिनदहाड़े 17 साल के युवक की बेरहमी से हत्या का मामला बढ़ता जा रहा है, वहीं, आतिशी ने इस हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
- भारत
- 4 min read

Seelampur Murder case: राजधानी दिल्ली में दिनदहाड़े 17 साल के युवक की बेरहमी से हत्या का मामला बढ़ता जा रहा है, वहीं, आतिशी ने इस हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीलमपुर की इस वारदात से इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। आतिशी ने बड़े सवाल खड़े करते हुए पूछा है कि क्या कर रही है दिल्ली पुलिस? कहां हैं गृह मंत्री अमित शाह? और क्या वाकई असरदार है डबल इंजन की सरकार?
सीलमपुर इलाके में सनसनी फैल गई है, 17 साल के युवक कुनाल की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दूध लेने निकले बेकसूर लड़के को घेरकर बेरहमी से मार दिया गया, वारदात के बाद कुनाल का परिवार सदमे में है, वहीं इलाके के हिंदू समुदाय के लोगों में डर घर कर गया है वहीं दूसरी ओर लोगों का गुस्सा भी फूट रहा है।
क्या कर रही है डबल इंजन की सरकार- आतिशी
आतिशी ने एक्स पर लिखा- 'सीलमपुर में 17 साल के युवक की हत्या दिल्ली में बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था का एक और उदाहरण है। क्या कर रही है दिल्ली पुलिस? क्या कर रहे हैं गृह मंत्री अमित शाह? क्या कर रही है डबल इंजन की सरकार?'
सीलमपुर में 'योगी जी, मदद करो' पोस्टर लगे
वहीं हैरान कर देने वाली जानकारी ये भी सामने आ रही है कि सीलमपुर के जे ब्लॉक में कई घरों के बाहर 'यह मकान बिकाऊ है' और 'योगी जी, मदद करो' जैसे पोस्टर लगे दिख रहे हैं। लोग पलायन की बात कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि दिल्ली में भी यूपी मॉडल लागू हो, ताकि अपराधियों पर बुलडोजर चले। मृतक की मां और बहन के सनसनी आरोपों से भी इलाके में हड़कंप मच गया दरअसल, पीड़ित परिवार का कहना है कि कुनाल की हत्या महज उसकी जाति और पहचान को लेकर की गई। जिसके बाद लोग इंसाफ की मांग कर रहे हैं और हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर रेखा सरकार और योगी सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
न्याय की मांग, पोस्टर लेकर निकले स्थानीय लोग
वहीं पुलिस अपनी जांच कर रही है, लेकिन इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। सीलमपुर में स्थानीय लोगों ने इस हत्या के बाद न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन किया है। जिसके बाद पुलिस ने कहा कि अपराधी की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए टीमें तैनात की गई हैं।
Advertisement
साहिल और गुसरा पर हत्या के आरोप
मृतक कुणाल की मां परवीन ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि उनका बेटा दूध और समोसे लेने निकला था, कुछ ही देर में हत्या की सूचना मिली। उन्होंने साहिल और गुसरा नाम के 2 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, परिजनों ने कहा कि पुलिस ने पहले भी आरोपियों को पैसे लेकर छोड़ दिया था।
मां परवीन का बयान भी सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि मेरा बेटा किसी से नहीं लड़ता था, उसे घेरकर मारा गया, लड़की भी साथ थी। पहले भी एक लड़की तमंचे के साथ पकड़ी गई थी लेकिन उसे छोड़ दिया गया। पुलिस कुछ नहीं करती, अब मौत के बदले मौत चाहिए। परिवार के एक अन्य सदस्य ने कहा कि, 'पूरा परिवार आरोपियों के निशाने पर रहा है, हमारे 7 लोगों को मारा जा चुका है। दोषियों को फांसी होनी चाहिए।
Advertisement
दिल्ली में यूपी मॉडल की मांग
इसके सात ही स्थानीय लोगों ने सीलमपुर में यूपी मॉडल लागू करने की मांग की है। वहीं एक स्थानीय निवासी ने कहा- 'इलाके में गुंडों का आतंक बढ़ता जा रहा है और किरायेदारों में से कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ रहे हैं। हम सनातन धर्म के लोग हैं। हमें टारगेट किया जा रहा है। मकान बिक रहे हैं, लोग पलायन कर रहे हैं। बेटियों को खुलेआम छेड़ा जा रहा है।'
बता तें सीलमपुर के इस हत्याकांड में अभी तक पुलिस के हाथ खाली है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।