PM मोदी के जन्मदिन तक दिल्ली की बसों में चलेगी पिंक टिकट, पंकज कुमार सिंह ने महिलाओं से 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनवाने की अपील की
दिल्ली सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) बसों में महिलाओं के लिए मुफ़्त यात्रा की सुविधा देने वाले मौजूदा पेपर-बेस्ड 'पिंक टिकट' सिस्टम को 17 सितंबर, 2026 तक बढ़ा दिया है।
- भारत
- 3 min read

दिल्ली सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) बसों में महिलाओं के लिए मुफ़्त यात्रा की सुविधा देने वाले मौजूदा पेपर-बेस्ड 'पिंक टिकट' सिस्टम को 17 सितंबर, 2026 तक बढ़ा दिया है। यह फ़ैसला 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' आधारित सिस्टम में आसानी से बदलाव सुनिश्चित करने और आगामी त्योहारों के दौरान महिला यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के मकसद से लिए लिया गया है।
दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि पिंक टिकट की व्यवस्था 17 सितंबर तक जारी रहेगी, जिससे महिलाएं इस दौरान पिंक टिकट मुफ्त बस यात्रा सुविधा का लाभ उठाती रहेंगी। इसके बाद मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाने के लिए 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' सिस्टम पूरी तरह से लागू किया जाएगा।
त्यौहारों में नहीं होगी परेशानी
यह विस्तार ऐसे समय में किया गया है, जब जन्माष्टमी, तीज, गणेश चतुर्थी समेत कई महत्वपूर्ण त्योहारों का आयोजन हो रहा है। इन धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मौकों पर महिलाएं और परिवार ज़्यादा यात्रा करते हैं। इस दौरान 'पिंक टिकट' सुविधा जारी रहने से पात्र महिला यात्रियों को बिना किसी रुकावट के मुफ़्त बस यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी।
17 सितंबर को है PM मोदी का जन्मदिन
गौरतलब है कि 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन है और इसी दिन से 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक मनाए जाने वाले 'सेवा पखवाड़ा' की शुरुआत भी होगी।
Advertisement
रेखा सरकार के पिंक कार्ड को कैसा मिला रिस्पॉन्स
बता दें कि रेखा सरकार के 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' पहल को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। अब तक लगभग 19 लाख से अधिक महिलाओं ने पिंक कार्ड के लिए रजिस्टर कर लिया है। इस पर खुशी जाहिर करते हुए परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की माताओं और बहनों ने रजिस्ट्रेशन प्रोसेस में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया है। ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ने कहा कि यह हमारे लिए बेहद खुशी की बात है कि दिल्ली में हमारी माताओं और बहनों ने 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' के लिए जबरदस्त उत्साह दिखाया है।
आगे भी बनेंगे पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड
डॉ. पंकज कुमार सिंह ने साफ किया है कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाने और जारी करने की प्रक्रिया 17 सितंबर के बाद भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर के बाद भी कार्ड रजिस्ट्रेशन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया बंद नहीं होगी। महिलाएं बस डिपो और बस टर्मिनल सेंटर्स से 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनवा सकेंगी।
Advertisement
दिल्ली सरकार ने सभी पात्र महिला यात्रियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' का रजिस्ट्रेशन पूरा करें और पिंक कार्ड प्राप्त कर लें।
सीएम रेखा गुप्ता सार्वजनिक परिवहन को सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में हमारी सरकार सार्वजनिक परिवहन को सुलभ, सुविधाजनक, आधुनिक और तकनीक-आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य राजधानी दिल्ली की जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करते हुए 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' सिस्टम को सुचारू रूप से लागू करना है।