CJP प्रदर्शन में DCP समेत 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल, 70 प्रदर्शनकारी हिरासत में; दिल्ली पुलिस दर्ज करेगी FIR
CJP Protest: 20 जुलाई 2026 को जंतर-मंतर पर CJP का 'संसद चलो' मार्च हिंसक हो गया। बैरिकेड्स तोड़ने और पथराव में DCP समेत 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
- भारत
- 3 min read

CJP Protest in Delhi: सोमवार (20 जुलाई) का दिन हंगामेदार रहा। सड़क से लेकर संसद तक संग्राम मचा रहा। एक तरफ जहां संसद के मॉनसून सत्र का आगाज जोरदार हंगामे के साथ हुआ। विपक्ष के हंगामे के चलते पूरे दिन लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही ठप पड़ी रही। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान भारी बवाल मचा। इस प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प भी हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस झड़प में 118 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
नीट विवाद को लेकर प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के बावजूद प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं थे और बार-बार दी गई चेतावनियों को भी उन्होंने नजरअंदाज कर दिया।
पुलिस पर किया पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़
स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की और पुलिसबल पर पथराव और हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
पुलिस के मुताबिक इस हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के दौरान, ड्यूटी पर तैनात दिल्ली पुलिस और केंद्रीय पुलिस बलों के 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें स्पेशल कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने अस्पताल जाकर घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की।
Advertisement
दिल्ली पुलिस दर्ज करेगी FIR
पुलिस ने अब तक लगभग 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ कर हिंसा में उनकी भूमिका के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूरी घटना को लेकर FIR दर्ज की जा रही हैं। पथराव, पुलिसकर्मियों पर हमले, सरकारी वाहनों व संपत्ति में तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डालने जैसी अलग-अलग हिंसक गतिविधियों के लिए अलग-अलग मामले दर्ज किए जाएंगे। दिल्ली पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच आगे बढ़ने के साथ अगर अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आती है, तो उन्हें भी नोटिस जारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा।
पुलिस की प्रदर्शनकारियों और आम जनता से अपील
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सभी प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से व्यवहार करें, किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मियों द्वारा दिए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें।
Advertisement
वहीं आम लोगों को सलाह देते हुए कहा गया कि वे किसी भी प्लेटफॉर्म के माध्यम से अफवाहों, गलत जानकारी या बिना पुष्टि की गई सामग्री पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। वे जानकारी के केवल विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें और शांति, सद्भाव व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें।