पुणे के बाद नोएडा में हिट एंड रन, तेज रफ्तार ऑडी ने बुजुर्ग को कुचला, कंपा देने वाला VIDEO आया सामने
पुणे के बाद नोएडा में भी हिट एंड रन केस का मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने बुजुर्ग की जान ले ली।
- भारत
- 2 min read
बीते दिनों पुणे में हिट एंड रन की घटना ने पूरे देश में सनसनी फैला दी थी। यहां एक नाबालिग ने अपनी पोर्श कार से एक युवक और युवती की कुचलकर जान ले ली थी। ऐसी ही घटना अब राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में देखने को मिली है। यहां एक तेज रफ्तार बेकाबू ऑडी कार ने बुजुर्ग की जान ले ली है। घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है।
नोएडा में तेज रफ्तार ऑडी कार ने एक बुर्जुग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह कई फीट ऊपर हवा में उछल कर फिर नीचे गिर गए। टक्कर की वजह से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पूरा मामला थाना सेक्टर 24 इलाके के कंचनचूंगा मार्केट के पास की बताई जा रही है। पूरी घटना सड़क पर लगे CCTV में कैद हो गई।
CCTV फुटेज में कैद वारदात
CCTV फुटेज में साफ दिख रहा कि बुजुर्ग सड़क किनारे चल रहे हैं तभी एक तेज रफ्तार ऑडी कार उन्हें जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद बुजुर्ग कई फीट ऊपर हवा में उछल कर फिर नीचे गिर जाते हैं और वहीं उनकी मौत हो जाती है। घटना के बाद ऑडी चालक फरार है।
ऑडी चालक मौके से फरार
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति कुछ दूरी तक हवा में उछल गया। सफेद रंग के ऑडी कार और उसके चालक का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई और चालक कार तेज रफ्तार में और लापरवाही से चला रहा था।
Advertisement
जांच में जुटी नोएडा पुलिस
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नोएडा) मनीष मिश्रा ने कहा, "गिझोड़ गांव के पास रहने वाले प्रदीप नाम के एक व्यक्ति ने आज सेक्टर 24 पुलिस थाने में संपर्क किया और अधिकारियों को सूचित किया कि उसके पिता जनक देव साह को एक कार ने टक्कर मार दी और हादसे में उनकी मौत हो गई। मामले में तुरंत FIR दर्ज की गई। कार की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और अन्य पुलिस टीमें भी मामले की जांच कर रही हैं।