Delhi Fire: दिल्ली में फिर आग का तांडव, तुगलकाबाद में बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 3 की मौत; कई झुलसे
दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने से 3 लोगों की मौत हो गई है। आग की चपेट में आने कई लोग झुलस गए हैं।
- भारत
- 3 min read

दिल्ली के मालवीय नगर में बीते दिनों हुए भीषण अग्निकांड से लोग अभी उबरे भी नहीं थी कि फिर एक हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए। तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक इमारत में लगी भीषण आग में तीन लोगों की मौत हो गई है। आग की चपेट में आने से कई लोग झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार देर रात को एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को दी गई गई।
बिल्डिंग में आग लगने से तीन की मौत
दिल्ली पुलिस के अनुसार, तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में बीती रात एक इमारत में भीषण आग लगने की सूचना मिला। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर सर्विस (DFS) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आग की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। DFS के कर्मचारियों ने पांच लोगों को बचाया, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ग्राउंड फ्लोर पर गाड़ियों में लगी थी आग
आग लगने की घटना जब हुई, उस समय लोग गहरी नींद में सो रहे थे। ऐसे में लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। भारी धुएं के कारण इमारत में कई लोग फंस गए थे। धुएं की वजह से रेस्क्यू टीम को भी अंदर जाने भी भारी परेशानी हो रही थी। ग्राउंड फ्लोर पर गाड़ियों की फटने की आवाज आ रही थीं। स्थानीय लोग, पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाकर कुल 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
Advertisement
धुएं की वजह से लोगों ने तोड़ा दम
DFS के असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर (ADO) यशवंत सिंह मीणा ने बताया कि इमारत में ग्राउंड फ्लोर और पांच ऊपरी मंजिलें हैं और यह एक संकरी गली में है, जिससे बचाव और आग बुझाने के काम में काफी चुनौती आई। देर रात 2:35 बजे से 2:37 बजे के बीच इमारत में आग लगने और लोगों के अंदर फंसे होने की कई इमरजेंसी कॉल मिलीं थी।
एक युवक समेत दो महिला की मौत
यशवंत मीणा ने बताया कि घर के ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग में 3 स्कूटी, 2 बाइक और 1 साइकिल में आग लग गई थी और आग व धुआं ग्राउंड फ्लोर से लेकर 5वीं मंजिल तक फैल गया था। ग्राउंड, पहली और दूसरी मंजिल पूरी तरह जल गई थीं, जबकि बाकी मंजिलें आंशिक रूप से जली थीं। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 22 वर्षीय युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं, झुलसे लोगों में 2 अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।