Delhi Gangrape: आसिफ ने बंदूक निकाली, झाड़ी में ले गया, मैं दर्द से चिल्लाती रही और...कालकाजी गैंगरेप पीड़िता ने बताई दरिंदगी की पूरी कहानी
दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई एक युवती के साथ पास ही के एक पार्क में तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया है। पी
- भारत
- 3 min read

दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई एक युवती के साथ पास ही के एक पार्क में तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया है। पीड़िता द्वारा पुलिस और कोर्ट के सामने दर्ज कराए गए विस्तृत बयान में इस पूरी खौफनाक दास्तां का खुलासा हुआ है।
नाबालिग पीड़िता ने पुलिस के सामने 21 सितंबर की उस खौफनाक रात की पूरी आपबीती बयां की है। पीडि़ता ने बताया कि वो अपने जन्मदिन के मौके पर शाम करीब 5 बजे अपने एक दोस्त (समीर) के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। शाम 7 बजे तक मंदिर में दर्शन करने के बाद दोनों इस्कॉन मंदिर जाने की योजना बना रहे थे। इससे पहले वे कालकाजी मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-7 के पास स्थित एक पार्क में कुछ देर बैठने के लिए चले गए।
मोबाइल छीना और बंदूक दिखाकर किया गैंगरेप
जब वे पार्क की बेंच पर बैठे थे, तभी 30 से 35 साल की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए पूछताछ शुरू कर दी और पीड़िता के दोस्त को थप्पड़ मारा। आरोपियों ने कहा कि पार्क में आना मना है। इसके बाद एक आरोपी पीड़िता के दोस्त समीर को दूसरी तरफ ले गया और बदमाशों ने दोनों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए।
Advertisement
जब पीड़िता ने बदमाशों से कहा कि वे जो भी बात करना चाहते हैं वहीं करें, तो उनमें से एक बदमाश (आसिफ) ने पिस्तौल निकाल कर डराया। इसके बाद दो बदमाशों ने चाकू निकाल लिया और युवती को डरा-धमका कर झाड़ियों के पीछे एक सुनसान और अंधेरी जगह पर ले गए। पीड़िता के बयान के अनुसार, वहां तीनों आरोपियों—जिन्हें वे आपस में आसिफ, हेमू और दीपु नाम से बुला रहे थे, ने गर्दन पर चाकू रखकर बारी-बारी से उसके साथ दरिंदगी की।
जान से मारने की दी धमकी
Advertisement
खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को उसके कुछ कपड़े वापस दिए और उसके दोस्त समीर को भी वहां ले आए। बदमाशों ने दोनों के मोबाइल फोन वापस करते हुए धमकी दी कि अगर इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वे उन्हें जान से मार देंगे। बदमाशों के जाने के बाद पीड़िता ने अपने दोस्त समीर को अपने साथ हुई दरिंदगी की पूरी बात बताई। समीर ने बिना देरी किए तुरंत पीसीआर (PCR) को फोन किया, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने मंगलवार सुबह कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आसिफ को अमर कॉलोनी इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इसके बाद हेमंत और उसके भाई को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले से जुड़े हर सबूत की बारीकी से जांच की जा रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार ने कहा है कि जांच का उद्देश्य मामले में दोषियों के खिलाफ मजबूत कार्रवाई सुनिश्चित करना है।