दिल्ली बिल्डिंग हादसे के बाद चर्चा में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल,10 दिन पहले ही उठाए थे MCD की कार्यप्रणाली पर सवाल; जानें क्या कहा था
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने करीब दस दिन पहले अपनी ही सरकार पर हमला बोला था और MCD की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।
- भारत
- 4 min read

राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर को एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई। इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सोमवार सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू कर दिया गया है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर तैनात है। इस हादसे के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल चर्चा में आ गए हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने करीब दस दिन पहले अपनी ही सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिल्ली सरकार और नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। इसके साथ ही आरोप लगाया था कि जनप्रतिनिधियों को भी अपने क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
विजय गोयल ने MCD को लेकर क्या कहा था?
विजय गोयल ने अपने X पोस्ट में लिखा था, क्या विडम्बना है एमसीडी और सरकार के अफसर काम नहीं कर रहे और सांसद, एमएलए और कॉरपोरेटर उनसे काम करने के लिए गलियों सड़कों के धक्के खा रहे हैं। कहीं से कूड़ा उठवा देते हैं, तो लगता है बहुत बड़ा काम करवा लिया। ये नहीं देखते इन अफसरों के होते हुए कूड़ा होना ही क्यों था। नाली खड़ंजा सड़क सीवर बिजली पानी की समस्याओं पर चुने हुए प्रतिनिधि इन अफसरों से गिड़गिड़ाते हैं । फिर भी काम नहीं होते। फिर जनता को कौन पूछ रहा है।
रिपब्लिक के सवालों से भागे MCD कमिश्नर
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत ढहने की घटना के बाद MCD कमिश्नर संजीव खिरवार पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, उनके इस्तीफे की भी मांग उठने लगी है। वहीं, कमिश्नर सवालों से भागते नजर आ रहे हैं। कमिश्नर संजीव खिरवार से जब रिपब्लिक भारत के संवाददाता ने सवाल किया कि हर साल दिल्ली में ऐसी घटना बावजूद इसे सुधार क्यों नहीं जाता? MCD का कटमनी सिस्टम कब बंद होगा?क्या आप अपनी कुर्सी से इस्तीफा देंगे? संजीव खिरवार एक भी सवाल का जवाब नहीं दे पाए। बता दें कि MCD कमिश्नर संजीव खिरवार वही व्यक्ति हैं, जिनके कुत्ता टहलाने के लिए JLN स्टेडियम खाली कराया गया था। इसके बाद इनका दिल्ली से लद्दाख तबादला कर दिया गया था।
Advertisement
रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेने पहुंची CM रेखा
बता दें कि सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से सटा एक फेम और व्यस्त इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र PG में रहकर अपनी पढ़ाई करते हैं। इस इलाके में कई छात्र आवास के अलावा आसपास कई अन्य कॉलेज और कोचिंग सेंटर्स भी मौजूद हैं। सोमवार को एक बार फिर से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता घटनास्थल पर पहुंची हैं। वो रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेने आईं है। कल सीएम ने अस्पताल जाकर घायलों से भी मुलाकात की थी।
सीएम रेखा ने कहा है कि, 'घटना के लिए जो भी जिम्मेदार है- चाहे वह इमारत का मालिक हो या कोई अधिकारी उसे बख्शा नहीं जाएगा। इमारत पुरानी थी और उसमें कुछ निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था। बेसमेंट में खुदाई का काम हो रहा था, जिसकी वजह से एक पिलर खिसक गया और पूरी इमारत ढह गई।'