120 दुकानें जलकर खाक, करोड़ों का नुकसान, कई परिवार तबाह... चांदनी चौक में लगी आग में FIR दर्ज
Fire: चांदनी चौक में लगी इस आग पर व्यापारियों का कहना है कि इसमें उनका सबकुछ जलकर नष्ट हो गया।
- भारत
- 2 min read

Delhi Chandni Chowk Fire: देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार (13 जून) को लगी आग से ऐसा तांडव देखने को मिला, जिसमें जलकर 120 दुकानें खाक हो गई। नई सड़क इलाके के कटरा मारवाड़ी में भयंकर आग लगी थी, जिसमें करोड़ों का नुकसान हुआ है। वहीं, इस मामले पर अब दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और जांच में जुट गई है।
गुरुवार शाम को मारवाड़ी कटरा में करीब 5 बजे एक दुकान में आग लगी थी, जो देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू पर पाया गया, लेकिन तब तक करोड़ों की संपत्ति और सामान जलकर खाक हो चुका है।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
चांदनी चौक में लगी इस आग की जांच करने के लिए अब दिल्ली पुलिस एक्टिव हो गई और जांच करने जा रही है। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में बताया, "चांदनी चौक आग घटना की FIR दर्ज कर ली गई है। आग लगने का कारण जांच का विषय है। आग कटरा की दुकानों तक फैल गई। आग अब लगभग बुझ चुकी है और लगभग 110-120 दुकानें पूरी तरह या आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं। चल रहे अग्निशमन अभियान के दौरान एक फायरमैन सतही रूप से जल गया था।"
दो इमारत भी ढह गई
बता दें कि आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीमों को कड़ी मशक्कत करने पड़ी। क्योंकि चांदनी चौक की गलियां सकरी हैं, इसलिए घटनास्थल तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तक नहीं पहुंच पा रही थीं। दमकल की कई पाइप को जोड़ कर उस जगह तक ले जाया गया, जहां आग लगी हुई थी। सभी कपड़ों की दुकानें है, जिसमें प्लास्टिक की पन्नियां शामिल है, इसलिए आग पर काबू पाने में काफी समय लग गया। हादसे में क्षेत्र की दो इमारतें भी ढह गई।
Advertisement
चांदनी चौक में लगी इस आग पर व्यापारियों का कहना है कि इसमें उनका सबकुछ जलकर नष्ट हो गया। एक व्यापारी ने कहा, ‘‘सब कुछ राख हो गया है- सपने, दुकान और उसमें मौजूद सारा सामान’’।