BREAKING: दिल्ली के सत्य निकेतन में भरभराकर गिरी इमारत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका; रेस्क्यू जारी
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में आज एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की खबर है।
- भारत
- 3 min read
Delhi Building Collapse: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के चाणक्य पुरी में सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत के गिरते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मोती बाग के सत्य निकेतन स्थित शिव मंदिर के पास हुआ है। यहां एक तीन मंजिला इमारत ढह गई है। इसकी सूचना फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1:30 बजे मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
आशंका है कि इस हादसे में मलबे के नीचे कई लोग फंसे हो सकते हैं। फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
इमारत में चल रहा था पीजी
बताया जा रहा है कि इस इमारत में एक पीजी चल रहा था। ऐसे में मलबे में कई छात्रों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू टीमों के साथ स्थानीय लोग भी मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। यहां मलबे को लगातार हटाने का काम जारी है, ताकि दबे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके।
Advertisement
NSUI का फूटा गुस्सा
इस हादसे पर NSUI का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में इमारत गिरने की खबर बेहद चिंताजनक है। मलबे में DU के छात्रों के दबे होने की जानकारी सामने आ रही है। छात्रों और आम लोगों की सुरक्षा के साथ लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।’
NSUI ने आगे लिखा, 'DU प्रशासन और सरकार तुरंत युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य चलाएं, हर छात्र और व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालें और इस घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करें। छात्रों की जान के साथ लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मोदी जी छात्रों की बात करने के लिए तो बड़े-बड़े मंचों पर जाते हैं, लेकिन जब छात्रों की सुरक्षा और ज़िंदगी का सवाल आता है, तो सरकार उन्हें भूल जाती है।'
Advertisement
उन्होंने आगे कहा, 'केंद्र में BJP की सरकार, दिल्ली में BJP की सरकार, MCD में BJP का मेयर—जब सब कुछ आपका है, तो छात्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? आखिर कब तक लापरवाही की कीमत छात्र अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे?'