दिल्ली में रिश्तों का कत्ल, मौसी को मेला दिखाने भेज सिमरन ने प्रेमी संग मिलकर रचा खूनी खेल; लाखों के सोने की लालच में कर दी मौसा की हत्या
दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुजुर्ग राकेश खन्ना की हत्या के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतक की साली की बेटी सिमरन ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर इस खूनी साजिश को अंजाम दिया है।
- भारत
- 3 min read

राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना रोहिणी साउथ थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 की है, जहां 60 वर्षीय राकेश खन्ना का शव उनके घर से बरामद हुआ। वारदात के समय वे घर में अकेले थे। पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मृतक की साली की बेटी सिमरन ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर इस खूनी साजिश को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राकेश खन्ना की हत्या के मामले में पुलिस जांच ने अब सभी हत्यारों की पहचान सामने आ गई है। पुलिस ने आरोपी सिमरन, चिराग, पारस और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि वारदात वाले दिन सिमरन ने ही घर का सेंट्रल लॉक खुलवाया था। जिसके बाद चिराग और पारस अंदर दाखिल हुए और उन्होंने राकेश खन्ना की हत्या कर दी। सिमरन का प्रेमी हिमांशु है, जो जिम का मालिक है।
जांच के बाद पुलिस का बड़ा खुलासा
रोहिणी जिले के DCP शशांक जायसवाल ने घटना के संबंध में बताया, "हमें शाम करीब 7:30 बजे एक कॉल मिली जिसमें बताया गया कि एक व्यक्ति बेहोश था और उसकी पत्नी उसे अस्पताल ले गई थी, और घर में सब कुछ बिखरा हुआ था। हम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पता चला कि पीड़ित की पत्नी की बहन की बेटी इसमें शामिल थी। उसे इलाके में घूमते हुए देखा गया था, और वह अपने साथ दो और लोगों को लाई थी। जिनमें से एक ने घर की रेकी की थी।
सभी आरोपी गिरफ्तार
अब तक हमने तीन लोगों को पकड़ा है और केस सुलझा लिया है। कुछ सामान भी बरामद किया गया है। फिलहाल हम हत्या और डकैती का मामला दर्ज कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हम आगे की जांच करेंगे। पुलिस के अनुसार, सिमरन ने ही पूरी वारदात की साजिश रची थी। जिसमें चिराग और पारस ने उसका साथ दिया था।
Advertisement
80 लाख सोने की लालच में रिश्तों का कत्ल
पूछताछ में पता चला कि सिमरन ने अपनी मौसी (मृतक की पत्नी) और घर के कुछ अन्य रिश्तेदारों को मेला दिखाने के बहाने बाहर भेज दिया था। रिश्तेदारों के जाते ही सिमरन और उसके साथियों ने साजिश को अंजाम दिया। जांच में यह भी सामने आया कि सिमरन को पहले से पता था कि उसके मौसा राकेश खन्ना ने हाल ही में करीब 80 लाख रुपये का एक फ्लैट बेचा था और उस पैसे से सोना लिया था। इसी सोने को चुराने की नीयत से सिमरन ने अपने साथियों के साथ पूरा प्लान तैयार किया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।