अपडेटेड 29 January 2025 at 22:14 IST
दिल्ली में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज, वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंची
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार दोपहर आसमान साफ रहा और सुनहरी धूप खिली, जबकि अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है।
- भारत
- 2 min read

New Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार दोपहर आसमान साफ रहा और सुनहरी धूप खिली, जबकि अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत से 61 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
आईएमडी ने बृहस्पतिवार को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने कहा है कि सुबह सतह पर दक्षिण-पूर्व से छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्का कोहरा और धुंध छाए रहने का अनुमान है, जबकि छिटपुट जगहों पर मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। विभाग ने बताया कि दोपहर के दौरान दक्षिण-पूर्व से हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर 8-10 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने और शाम तथा रात में घटकर चार किलोमीटर प्रति घंटा से कम होने की संभावना है।
Advertisement
आईएमडी के अनुसार, रात में भी धुंध और कोहरा छाए रहने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 डिग्री सेल्सियस और आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता बुधवार को फिर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 365 दर्ज किया गया। मंगलवार को एक्यूआई 276 रहा था, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
दिल्ली के लिए प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले दो दिनों तक हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की आशंका है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
Advertisement
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 29 January 2025 at 22:14 IST