Delhi Pollution: बढ़ते प्रदूषण के बीच दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, अब 5वीं तक हाइब्रिड मोड में चलेगी क्लास
दिल्ली सरकार ने बढ़ते प्रदूषण के चलते बड़ा फैसला लिया है। जिसमें 5वीं क्लास तक के बच्चों की हाइब्रिड मोड में पढ़ाई होगी।
- भारत
- 3 min read

Delhi Pollution: राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के खतरनाक स्तर से ऊपर पहुंच गया। यह 'गंभीर' श्रेणी होती है। लगातार प्रदूषण में तेजी से इजाफा देखा जा रहा है। इसे देखते हुए दिल्ली सरकार ने क्लास 5 तक की पढ़ाई को हाइब्रिड मोड में चलाने का फैसला लिया है।
हाइब्रिड मोड के तहत 5वीं क्लास तक के बच्चे ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों में से किसी भी माध्यम से पढ़ाई कर सकते हैं। जो माता-पिता बच्चों को स्कूल भेजना चाहें, वे भेज सकते हैं। वहीं जो ऑनलाइन पढ़ाई पसंद करते हैं, उनके लिए डिजिटल क्लासेस उपलब्ध रहेंगी। यह फैसला छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, 'ग्रेप-3 लागू कर दिया गया है और सभी सुरक्षा उपाय भी किए गए हैं। क्लास 5 तक के स्कूल हाइब्रिड मोड ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाओं पर संचालित होंगे। कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) की उप-समिति ने वर्चुअल बैठक बुलाई। बैठक में पूरे दिल्ली-NCR में ग्रेप के तीसरे चरण को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया गया।
GRAP-3 के चलते इनपर बैन
GRAP-3 लागू करने के बाद निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों पर पूर्ण रोक लगा दी जाती है। पुराने डीजल और पेट्रोल वाहनों पर पाबंदी और ग्रेप-1 और ग्रेप-2 के सभी नियम लागू होते हैं। दिल्ली के कई क्षेत्रों में AQI 450 के पार दर्ज किया गया है, जिसमें बवाना, रोहिणी और मुंडका शामिल है। ये इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटों में मौसम साफ नहीं हुआ तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
माता-पिता लंबे समय से बच्चों को स्कूल भेजने में हिचक रहे थे। अब हाइब्रिड मोड से उन्हें राहत मिलेगी। कई निजी और सरकारी स्कूलों ने पहले से ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार रखे हैं। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि 12 नवंबर से हाइब्रिड मोड लागू हो जाएगा। बता दें मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक हल्की बारिश की संभावना जताई है, जो प्रदूषण कम करने में मदद कर सकती है। लेकिन तब तक GRAP-3 के तहत सभी प्रतिबंध सख्ती से लागू रहेंगे। दिल्ली सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि मास्क पहनें, अनावश्यक बाहर न निकलें।