अपडेटेड 5 December 2025 at 10:56 IST
Pollution: नहीं सुधर रही दिल्ली-NCR की हवा, खतरनाक स्तर पर बना हुआ है AQI, रेड जोन में ये इलाके...
Delhi-NCR Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण से हालात बिगड़े हुए हैं। आज, 5 दिसंबर को भी AQI बेहद खराब श्रेणी में रहा। इसके साथ ही राजधानी में ठंड भी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन दिल्ली का पारा और गिरने की संभावना जताई है।
- भारत
- 3 min read

Pollution: दिल्ली में प्रदूषण का संकट लगातार बना हुआ है। AQI कम होने का नाम नहीं ले रहा। हवा जहरीली बनी हुई है और इसी जहर में लोग सांस लेने को मजबूर हो गए। शुक्रवार, 5 दिसंबर सुबह दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण रेड जोन में रहा। इन इलाकों का AQI 300 के पार बना हुआ है। प्रदूषण के चलते लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य जैसे खांसी, जुकाम और सांस लेने में समस्या हो रही है।
दिल्ली में सर्दी के मौसम में प्रदूषण का बढ़ना अब हर साल की कहानी हो गई है। तमाम प्रयासों का कोई असर नहीं दिखता। इस साल भी बीते कई दिनों से राजधानी की हवा में जहर घुला हुआ है। दिल्ली के साथ पूरे एनसीआर का हाल इस वक्त काफी खराब है।
कई इलाकों में 300 पार बना हुआ है AQI
बात आज, 6 दिसंबर की करें तो दिल्ली जहरीली धुंध की चादर में लिपटी रही। सुबह 8 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 323 पर पहुंच गया, जो "बहुत खराब" कैटिगिरी में आता है। गाजीपुर और अक्षरधाम जैसे इलाकों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाके 'बेहद खराब' श्रेणी में बने हुए हैं।
CPCB के आंकड़ों के अनुसार आनंद विहार में आज सुबह AQI 348 दर्ज किया गया है। वहीं, सोनिया विहार में AQI 343, वजीरपुर में 358, बवाना में 325 दर्ज, अक्षरधाम में 348 दर्ज हुआ। अन्य इलाकों की बात करें तो अलीपुर में AQI 324, बुराड़ी में 326, चांदनी चौक में 352, द्वारका में 343, ITO में 322, जहांगीरपुरी में 353, रोहिणी में 363, विवेक विहार में 355, आरके पुरम में 374, नरेला में 330 और मुंडका में 356 रहा।
Advertisement
नोएडा-गाजियाबाद में भी जहरीली हवा का कहर
दिल्ली के साथ NCR का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। नोएडा में AQI 308, गाजियाबाद में 302, गुरुग्राम में 293 और ग्रेटर नोएडा में 285 दर्ज हुआ।
दिल्ली का पारा भी लुढ़का
दिल्ली-NCR में अब सर्दी का सितम भी बढ़ने लगा है। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार, 4 दिसंबर को दिसंबर महीने की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज हुई और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री पहुंच गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए दिल्ली में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच सकता है।
Advertisement
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 5 December 2025 at 10:56 IST